द फॉलोअप टीम;रांची
संकल्प यात्रा के सातवें चरण के दौरान हुसैनाबाद विधानसभा में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने हेमंत सरकार पर जमकर हमला बोला। इसके साथ ही उन्होंने प्रदेश में भ्रष्टाचार मुक्त, अपराध मुक्त शासन के लिए भाजपा की सरकार बनाने का आह्वान किया।

हेमंत सरकार की लापरवाही से झारखंड में आयुष्मान योजना का हाल बेहाल
जनसभा को संबोधित करते हुए बाबूलाल ने कहा कि केंद्र सरकार गांव, ग़रीब, किसान, मज़दूर और महिला के लिए समर्पित है। पीएम मोदी ने प्रधानमंत्री बनते ही अपने कार्यकाल का पहला कार्य मां बहनों के लिए इज्जत घर शौचालय का निर्माण करवाया। वे मां बहनों की परेशानियों को समझते हैं। उन्होंने कहा कि मोदी ने ग़रीबों को पक्का आवास उपलब्ध करवाया जबकि घोषणावीर हेमंत ने एक लाख अतिरिक्त तो क्या मोदी जी द्वारा भेजे जा रहे पैसों का भी बंदरबांट कर दिया। प्रधानमंत्री जी ग़रीबों की चिंता करते हैं। उन्होंने गैस कनेक्शन के साथ साथ गैस पर सब्सिडी भी दिया। उन्होंने कहा कि हेमंत सरकार की लापरवाही से झारखंड में आयुष्मान योजना का हाल बेहाल है। ग़रीब स्वास्थ्य समस्या से परेशान हैं। भाजपा के नेतृत्व में सरकार बनने पर अधिकारी घर घर जाकर आयुष्मान कार्ड बनायेंगे।
मोदी जी के गरीबों को भेजे अनाज को कालाबाज़ारी करवा रही हेमंत सरकार
बाबूलाल ने कहा कि इंदिरा गांधी ने बैंकों का राष्ट्रीयकरण ज़रूर किया किंतु बड़े घरानों व पूंजीपतियों के लिए। प्रधानमंत्री मोदी ने जनधन खाते खुलवाकर एक एक ग़रीब व्यक्ति को बैंकों से जोड़ दिया। कोविड काल में जब कल कारख़ाने बंद हुए तो मोदी जी ने सीधे खाते में पैसे डालने का कार्य किया जबकि राजीव गांधी के कार्यकाल में केंद्र से चलने वाला एक रुपया का पंद्रह पैसे पहुँचता था। उन्होंने कहा कि मोदी जी ग़रीबों के लिए अनाज भेज रहे हैं किंतु हेमंत सोरेन अनाजों की कालाबाज़ारी करवा रहे हैं। चार करोड़ से ज़्यादा को आवास योजना का लाभ मिला। किसानों को सीधे लाभ पहुंच रहा है।

प्रधानमंत्री ने नाई, बढई, लोहार, मोची की चिंता
मोदी जी ने महिलाओं के लिए लोकसभा और विधानसभा में आरक्षण बिल लाकर बड़ा तोहफ़ा दिया है। इस बिल के तहत 33% बहनों को इसका लाभ मिलेगा। प्रधानमंत्री ने विश्वकर्मा पूजा के दौरान कारीगरों के लिए विश्वकर्मा योजना लॉंच किया। इसके तहत 13 हज़ार करोड़ के बजट का भी प्रावधान किया गया है। ट्रेनिंग के दौरान स्टाइफ़न भी मिलेगा। उन्होंने कहा कि पहली बार किसी प्रधानमंत्री ने नाई, बढई, लोहार, मोची की चिंता की है। भ्रष्ट हेमंत सरकार नियुक्तियों पर भी मौन है, भाजपा की सरकार बनी तो अस्पतालों में डॉक्टर नर्स, स्कूलों में शिक्षकों समेत भारी संख्या में भर्तियाँ की जाएगी।

पैसे और परिवार के लिये सभी भ्रष्ट दल हुई एकजुट
उन्होंने कहा कि अलग राज्य झारखंड के सपने को अटल बिहारी वाजपेयी ने सन् 2000 में पूरा किया। जबकि जेएमएम कांग्रेस के गोद में खेलते रही। भाजपा की सरकार में देश समेत झारखंड में भी सड़कों का जाल बिछा है। कांग्रेस ने 60 वर्षों के शासन काल में दूल्हा दुल्हन भी बैल गाड़ी में आते थे। गांवों में लोग बिजली नहीं देखा था। भाजपा की सरकार ने गांव में सड़क बिजली पहुंचाया। पैसे और परिवार के लिये सभी भ्रष्ट दल एकजुट हो रहे हैं। ग़लत नैरेटिव गढ़ने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मोदी जी ने जब से कहा है न खाएँगे न खाने देंगे इससे विपक्ष के पेट में दर्द हो रहा है। हेमंत सरकार में भ्रष्टाचार चरम पर है। पैसे लेकर अयोग्य व्यक्तियों का राशन कार्ड बनाया जा रहा है जबकि ग़रीब व्यक्ति भूखे मरने को मजबूर हैं। भाजपा की सरकार बनी तो अधिकारी घर घर जाकर राशन कार्ड बनायेंगे।
झारखंड में क़ानून व्यवस्था चौपट
मरांडी ने कहा कि झारखंड में क़ानून व्यवस्था चौपट हो गई है। हेमंत सरकार में अपराधियों में क़ानून का डर समाप्त हो गया है। हेमंत सरकार में जिस पुलिस को क़ानून व्यवस्था ठीक करना था वे हेमंत सरकार के इशारे पर वसूली में व्यस्त है। बालू गाड़ियों से वसूली में लगे हैं। जबकि दूसरे प्रदेशों में अवैध तरीक़े से बालू की ढुलाई हो रही है। उन्होंने कहा कि कोयला बालू पत्थर ज़मीन की लूट मची है। उन्होंने कहा कि हेमंत सरकार में क़ानून व्यवस्था इतनी लचर है कि पिछले पाँच महीने में 23 व्यापारियों की हत्या हुई है जिनमें से 9 व्यापारियों ने पुलिस से सुरक्षा की माँग किया था बावजूद सुरक्षा नहीं मिला। उन्होंने कहा कि सुरक्षा माँगने के बावजूद नहीं मिलना सरकार के नीतियों पर बड़ा सवाल खड़ा करता है। लापरवाह अधिकारी पर कार्रवाई होना ही चाहिए। उन्होंने कहा कि मामले में जाँच नहीं हुआ तो भाजपा सरकार बनने पर जाँच कराएगी और ज़िम्मेवार व्यक्ति के ख़िलाफ़ करवाई होगी। उन्होंने कहा कि हेमंत सरकार दलालों बिचौलियों को सुरक्षा मुहैया करवा रही है जबकि व्यापारी वर्ग अपराधियों के निशाने पर है। व्यापारी मारे जा रहे हैं।

हेमंत सोरेन को भ्रष्ट अधिकारियों को बचाने की है चिंता
बाबूलाल ने आगे कहा कि अंचल ब्लॉक और ज़िला के सरकारी कार्यालयों में बिना पैसे दिये कोई काम नहीं होता है। जन्म प्रमाण पत्र से लेकर मृत्यु प्रमाण पत्र बनाने में भी पैसे देना पड़ रहा है। राशन कार्ड में नाम जुड़वाने के लिए घुस देना पड़ता है। उन्होंने कहा कि ईडी ने पांच बार नोटिस किया जबकि हेमंत भागे फिर रहे हैं। हेमंत लुटेरे हैं इसलिए जेल जाने से डर रहे है। उन्होंने कहा कि चोरी किया है तो होटवार जेल जाना ही होगा। जेल भी मैंने ही बनाया है। उन्होंने कहा कि मोदी जी महिला गाँव ग़रीब किसान मज़दूर की चिंता करते हैं जबकि हेमंत को भ्रष्ट अधिकारियों को बचाने की चिंता है। उन्होंने कहा कि झारखंड को भ्रष्टाचारियों से बचाना है, हम सब को संकल्प लेकर जाना है फिर से 2024 में केंद्र में मोदी जी को तीसरी बार प्रधानमंत्री और झारखंड में भाजपा की सरकार बनाना है।
हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/FUOBMq3TVcGIFiAqwM4C9N