logo

पांच सालों में अपने होने का एहसास तक नहीं करा सकी हेमंत सरकार : सुदेश महतो

sudesh94.jpg

राजनीतिक वातावरण को बदलने की आवश्यकता

रांची : सरकार अपने कार्यकाल के अंतिम महीने में है लेकिन इन पांच सालों में यह सरकार जनता के बीच अपने होने का अहसास तक नहीं करा पाई है। इनका होना न होना किसी के जीवन में अंतर पैदा नहीं कर पाया। हमारी तैयारी लोगों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाकर इस व्यवस्था को बदलने की है। गुरूवार को ये बातें आजसू पार्टी अध्यक्ष सुदेश महतो ने कहीं। वे टुंडी विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत निछानी स्कूल ग्राउंड में आयोजित मिलन समारोह में बोल रहे थे। इस दौरान जिला परिषद सदस्य मो. इसराफिल (लाला) ने अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ पार्टी की सदस्यता ली

इस धरती ने देश को रौशन किया है

उन्होंने कहा कि रत्नगर्भा इस धरती ने देश को रोशन किया है। यहां के लोगों की सेवा, कल्याण और उत्थान हमारी प्राथमिकता है। विस्थापित परिवारों को पीने का शुद्ध पानी, स्वच्छ हवा, विद्यालय और अस्पताल जैसी मूलभूत सुविधाओं की कमी न हो इसे सुनिश्चित करना होगा। आम लोगों के जीवन को संवारना पड़ेगा। जनता के हित के लिए राजनीतिक वातावरण को बदलने की आवश्यकता है। सरकार को राज्य की दूरगामी भविष्य की कोई चिंता नहीं है। राज्य को फिर से विकासशील बनाने के लिए हम सभी को मिलकर काम करना है। जनता को अब इस सरकार पर भरोसा नहीं है।

हर वर्ग की बेहतरी के लिए काम करनेवाली पार्टी है भाजपा

मिलन समारोह में सदस्यता लेनेवाले मो. इसराफिल का पार्टी में स्वागत करते हुए उन्होंने कहा कि तुष्टिकरण नहीं समाज के हर वर्ग को साथ लेकर उनकी बेहतरी के लिए काम करने वाली पार्टी है आजसू। हमारी राजनीति आपके बेहतर भविष्य के लिए समर्पित है। राज्य के वर्तमान राजनीतिक परिदृश्य को बदलने के लिए आप सभी साथियों का योगदान अहम है। मो. इसराफिल इस क्षेत्र के वासियों की आस और उम्मीद हैं।

आजसू का हिस्सा बनना मेरे लिए गर्व की बात

पार्टी की सदस्यता लेने वाले मो. इसराफिल ने कहा कि हर धर्म, हर समाज, हर वर्ग की भलाई की बात करने वाली आजसू पार्टी का हिस्सा बनना मेरे लिए गर्व की अनुभूति है। मेरे साथ शामिल हुए सभी लोग पार्टी की नीति और सिद्धांतों को जन-जन तक पहुंचाने का काम करेंगे। पार्टी द्वारा भविष्य में जो भी जिम्मेदारी दी जाएगी उसका निर्वहन सच्ची निष्ठा से करेंगे।

करम महोत्सव खेल महागूंज सह सेवानिवृत्त शिक्षक सम्मान समारोह सम्पन्न

सुदेश महतो बेरमो के बिनोद बिहारी महतो फुटबॉल मैदान में आयोजित करम महोत्सव खेल महागूंज सह सेवानिवृत्त शिक्षक सम्मान समारोह में शामिल हुए। कार्यक्रम में सुदेश ने कहा कि करम पर्व प्रकृति के प्रति हमारे समर्पण का प्रतीक है। यह पर्व हमारी संस्कृति का अभिन्न हिस्सा है। हमारी संस्कृति हमारी पहचान है। इसे अक्षुण्ण रखने के साथ ही इसके विस्तार की दिशा में काम करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। हमारी समृद्ध कला-संस्कृति हमारा पर्यटन बन सकता है।

इसके लिए दृढ़ इच्छाशक्ति के साथ कई प्रभावी कदम उठाने की आवश्यकता है। आज इस कार्यक्रम में उपस्थित सभी सम्मानित शिक्षकों को मेरा प्रणाम है। शिक्षक के कंधों पर देश के भविष्य को तैयार करने और समाज को सही दिशा दिखाने की जिम्मेदारी है। आप अपने समर्पण, लगन और मेहनत से बच्चों को किताबी ज्ञान के साथ ही सामाजिक ज्ञान से भी अवगत कराते हैं।

हमारी संस्कृति में गुरु का ओहदा सबसे ऊपर रहा है। मिलन समारोह में केंद्रीय महासचिव संतोष महतो, खालिद खलील, नजरूल हसन हाशमी, अजय सिंह, धनबाद जिलाध्यक्ष मंटू महतो, योगेश महतो, महबूब आलम, दयाल महतो, विनोद महतो, धनन्जय महतो इत्यादि मुख्य रूप से उपस्थित थे।