logo

तेज आंधी-पानी से मनोहरपुर में भारी तबाही, महिला घायल; कई जगह पेड़ गिरे 

जा्4.jpg

द फॉलोअप डेस्क

मनोहरपुर में रविवार को आई तेज आंधी और बारिश ने व्यापक नुकसान पहुंचाया। तेज हवाओं के कारण कई इलाकों में पेड़ उखड़कर गिर गए, जिससे जनजीवन प्रभावित हो गया। इस दौरान तुरीटोला निवासी 60 वर्षीय रोमीला देवा गंभीर रूप से घायल हो गईं। बताया गया कि वह बाजार से घर लौट रही थीं, तभी सेट बगान के समीप तेज आंधी के बीच एक पेड़ की बड़ी डाल उनके सिर पर गिर गई। घटना के बाद उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, मनोहरपुर में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

पेड़ गिरने से जलमीनार का सोलर पैनल क्षतिग्रस्त

आंधी के कारण बिरसा मिनी चौक के पास एक विशाल नीम का पेड़ गिर गया, जिससे आंगनबाड़ी केंद्र के समीप स्थापित जलमीनार का सोलर पैनल क्षतिग्रस्त हो गया। इससे स्थानीय लोगों को पेयजल व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका है। तेज हवाओं के कारण कई स्थानों पर पेड़ों की डालियां टूटकर सड़कों और सार्वजनिक स्थलों पर बिखर गईं। मुनीआश्रण स्थित शिव मंदिर के पास एक बड़ा आम का पेड़ सड़क पर गिर गया, जिससे कुछ समय तक आवागमन प्रभावित रहा। स्थानीय लोगों को रास्ता बदलकर आवाजाही करनी पड़ी। वहीं विभिन्न मोहल्लों में भी छोटे-बड़े पेड़ गिरने की घटनाएं सामने आईं, जिससे लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

घर, बिजली पोल और तारों को भी पहुंचा नुकसान

तुरीटोला निवासी अशोक सिंह के घर पर सागवान का एक बड़ा पेड़ गिरने से घर का एलबेस्टस, बिजली पोल, विद्युत तार और बाथरूम क्षतिग्रस्त हो गए। इस घटना में उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से क्षतिग्रस्त पेड़ों को जल्द हटाने, बिजली व्यवस्था बहाल करने और प्रभावित परिवारों को राहत एवं सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।

Tags - Manoharpur News Storm Damage Heavy Rain Jharkhand Woman Injured West Singhbhum News