logo

झारखंड के इन जिलों में कल भी चलेगी लू, इस दिन तेज हवा के साथ वज्रपात की है संभावना, येलो अलर्ट जारी

0119.jpg

द फॉलोअप डेस्क
अभी अप्रैल महीना खत्म भी नहीं हुआ है और सूरज का प्रचंड रूप दिखने लगा है। सुबह 9 बजे के बाद ही गर्मी इतनी तेज हो जा रही कि लोग घरों में कैद होने पर विवश हो जा रहे हैं। दिन के 11 बजते-बजते तो सड़कों पर सन्नाटा पसर जा रहा है। तेज धूप के साथ चल रही लू ने लोगों को परेशान कर रखा है। मौसम केंद्र रांची के अनुसार 19 अप्रैल को राज्य के गुमला व सिमडेगा जिला को छोड़कर बाकी सभी 22 जिलों में हीटवेव यानी लू की स्थिति नजर आ रही है। मौसम पूर्वानुमान के तहत उम्मीद थी कि 20 अप्रैल से बारिश होगी, लू से राहत मिलेगी। लेकिन अब ऐसा नहीं है। मौसम केंद्र के अनुसार कोडरमा, हजारीबाग, रामगढ़, रांची, खूंटी, वेस्ट सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, ईस्ट सिंहभूम, गिरिडीह, बोकारो, धनबाद, देवघर, जामताड़ा, गोड्‌डा, दुमका, साहेबगंज व पाकुड़ में हीटवेव की संभावना है। वहीं, गढ़वा, पलामू, चतरा, लातेहार, लोहरदगा, गुमला व सिमडेगा में राहत की उम्मीद जताई गई है। मतलब यहां हीटवेव की स्थिति नहीं रहेगी।

तेज हवा के साथ गर्जन-वज्रपात की है संभावना
मौसम केंद्र ने 21 अप्रैल को मौसम में बदलाव को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। इसके तहत गर्जन के साथ वज्रपात की संभावना जताई गई है। वहीं, 22 और 23 अप्रैल को राज्य भर के सभी जिलों 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से सतही हवा चलने को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। तेज हवा के साथ राज्य में कहीं-कहीं गर्जन-वज्रपात भी हो सकती है। इसको लेकर मौसम विभाग ने अलर्ट जारी करते हुए लोगों को सचेत रहने की अपील की है।

5 दिनों तक बारिश की है उम्मीद
राजधानी रांची व इसके आसपास के इलाकों में भी गर्मी का प्रकोप नजर आ रहा है। यहां का पारा 40 डिग्री पहुंचने का पूर्वानुमान है। मौसम केंद्र रांची के अनुसार 20 अप्रैल को उत्तर-पश्चिमी, दक्षिणी व निकटवर्ती मध्यम भागों में दोपहर व शाम के समय आंशिक बादल छा सकते हैं। वहीं, 21 अप्रैल से लेकर 25 अप्रैल तक रांची सहित राज्य भर में गर्जन के साथ हल्के से मध्यम दर्जे की वर्षा की संभावना जताई गई है।

अधिकतम तापमान में नहीं होगी बढ़ोत्तरी
मौसम विभाग ने कहा है कि अगले 24 घंटों के दौरान राज्य में अधिकतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। इसके बाद अगले दो अगले 3-4 दिन तक 2-4 डिग्री अधिकतम तापमान में गिरावट देखी जा सकती है। इधर, बीते 24 घंटों में सबसे उत्तम तापमान 44.9 डिग्री सेल्सियस गोड्डा जिले का रहा। जबकि, सबसे कम न्यूनतम तापमान 21.2 डिग्री सेल्सियस सिमडेगा जिले का रहा। वहीं, एक-दो स्थानों पर उष्ण लहर यानी हीटवेव भी दर्ज किया गया है।

खुद को रखें हाइड्रेट, जरूरत न हो तो घर से न निकलें
मौसम केंद्र के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने लोगों को गर्मी से बचने की सलाह दी है। कहा, सर्तकता बरतें। लू से बचने के लिए लोगों को पर्याप्त मात्रा में पानी पीने की नसीहत दी गई है। कहा गया है कि प्यास ना लगने पर भी पानी पियें। खुद को हाइड्रेट रखें। ओआरएस, घर में बने पेय जैसे लस्सी, नींबू पानी और छाछ आदि का प्रयोग करें। गर्मी के संपर्क में आने से बचें। हल्के, हल्के रंग के, ढीले, सूती कपड़े पहनें और सिर को कपड़े, टोपी या छतरी आदि से ढक कर ही धूप में निकले। वहीं, दिन के 11 बजे से लेकर 4 बजे तक घर से बाहर निकलने में परहेज बरतने कहा गया है। मौसम केंद्र की ओर से कहा गया कि जरूरत न हो तो इस समय घर से बाहर बिल्कुल न निकलें। अगर निकलना भी पड़े तो पूरी सावधानी बरतते हुए ही बाहर निकलें।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करेंhttps://chat.whatsapp.com/EUEWO6nPYbgCd9cmfjHjxT