रांची
झारखंड में आज का मौसम पूरी तरह बदला-बदला नजर आएगा. राज्य के कई जिलों में आज भीषण गर्मी और हीटवेव लोगों को परेशान करेगी. पलामू, गढ़वा और चतरा जिले में हीटवेव का असर देखने को मिलेगा. इन जिलों में दिन का तापमान 42 से 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. डालटनगंज और आसपास के इलाकों में लू जैसे हालात बने रहेंगे. मौसम विभाग ने इन जिलों के लिए हीटवेव अलर्ट जारी किया है.
इन जिलों में हो सकती है बारिश
जबकि कई जिलों में बारिश, तेज आंधी और वज्रपात की संभावना बनी हुई है. मौसम विभाग ने राज्य के अलग-अलग जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है. रांची, खूंटी, सिमडेगा, लोहरदगा और पश्चिमी सिंहभूम के कई इलाकों में तापमान 34 से 37 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है. यहां बादल छाए रहने और हल्की बारिश के कारण लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है. मौसम विभाग ने 24 और 25 मई को गरज-चमक के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया है. इस दौरान 50-60 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं भी चल सकती हैं.
