logo

रांची : प्रेमिका की शादी की खबर सुन प्रेमी ने खा लिया जहर, मौत, ढाई साल पहले दोनों घर से भागे थे

fyguyhi.jpg

रांचीः
अनगड़ा थाना क्षेत्र में एक युवक ने अपनी प्रेमिका की शादी की खबर सुनकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान विजय महतो (22) के रूप में हुई है। वह हेसल कटहर टोली का रहने वाला था। जो दुमका स्थित मिनी टूल्स के थर्ड सेमेस्टर में पढ़ाई कर रहा था। पिछले पांच साल से उसका गांव की ही एक लड़की के साथ प्रेम था। ढाई साल पहले दोनों घर से भाग गए थे। उनके भागने के बाद गांव में पंचायत बैठी थी। दोनों पक्षों को उसमें बुलाया गया था।


18 अप्रैल को शादी हो रही 
कुछ दिनों पहले विजय को पता चला कि उसकी प्रेमिका की 18 अप्रैल को शादी हो रही है। इस खबर से वह काफी परेशान था। इसके बाद वह मानसिक तनाव के बीच दुमका से सीधे अपने घर आया। गांव आने के बाद उसने काफी प्रयास किया कि प्रेमिका की शादी रुक जाए।लेकिन जब सफल नहीं हो सका तो जहर खा लिया। इससे उसकी मौत हो गई। 


प्रेमिका के परिजनों पर आरोप 
मृतक के परिजनों का कहना है कि प्रेमिका के पिता और अन्य परिजनों ने प्रेमी की पीट-पीट कर हत्या कर दी है। इस मामले में मृतक प्रेमी विजय महतो के परिजनों ने अनगड़ा थाने में प्रेमिका के परिजनों के खिलाफ शिकायत की है। अनगड़ा थाना प्रभारी ब्रजेश कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला जहर खाकर आत्महत्या करने का दिख रहा है। क्योंकि, विजय का शव उसके घर की ही छत से बरामद हुआ है।

शादी टाल दी गई 
18 अप्रैल को मृतक के प्रेमिका की शादी होनी थी। हजारीबाग से बारात आनेवाली थी। प्रेमिका के घर में उसकी शादी की पूरी तैयारी चल रही थी। प्रेमिका के घर में खुशी और उल्लास का माहौल था। लेकिन, प्रेमी की मौत की खबर मिलने के बाद प्रेमिका के परिजनों ने फिलहाल शादी टाल दी है। अनगड़ा पुलिस ने प्रेमी के शव को पोस्टमार्टम कराने के लिए रिम्स भेज दिया है।