पेटरवार/बोकारो:
प्रधान सहायक को 8 हजार रुपये घूस लेते हुए रंगेहाथ पकड़ा गया है। एसीबी ने बोकारो जिले के पेटरवार प्रखंड कार्यालय में पदस्थापित प्रखंड प्रधान सहायक गुलाम रसूल को 8 हजार रुपये नकद लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया। धनबाद एसीबी की टीम ने यह कार्रवाई की है। इस कार्रवाई से प्रखंड कार्यालय में हड़कंप मच गया। मामला 15वें वित्त आयोग की एक योजना की राशि भुगतान से जुड़ा है। बताया जाता है कि एक लाभुक का भुगतान काफी वक्त से लंबित था। लाभुक ने इसके लिए प्रखंड प्रधान सहायक गुलाम रसूल से संपर्क किया तो उन्होंने राशि निर्गत करने के एवज में 8 हजार रुपये की रिश्वत मांग ली।

लाभुक ने एसीबी को दी लिखित शिकायत
लाभुक पैसे नहीं देना चाहता था, इसलिए उसने धनबाद एसीबी कार्यालय में लिखित शिकायत दर्ज करा दी। एसीबी की टीम ने आरंभिक जांच में शिकात को सही पाया और आरोपी को पकड़ने के लिए जाल बिछाया। गुरुवार को जैसे ही पीड़ित ने पेटरवार प्रखंड कार्यालय पहुंचकर प्रधान सहायक को गुलाम रसूल को केमिकल लगे रुपये दिए, वहां पहले से घात लगाए बैठी एसीबी की टीम ने रंगेहाथ दबोच लिया। एसीबी ने घूस की रकम जब्त कर ली और आरोपी को हिरासत में लेकर धनबाद रवाना हो गयी।
एसीबी की कार्रवाई से खुश हैं स्थानीय लोग
इस कार्रवाई से स्थानीय ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने राहत की सांस ली है। लोगों का कहना है कि प्रखंड कार्यालय में पैसों के बिना कोई काम नहीं होता है। किसी भी योजना का लाभ लेना मुश्किल हो गया है। इस कार्रवाई से भ्रष्ट अधिकारियों और कर्मचारियों को कड़ा संदेश मिलेगा।
पेटरवार की उपप्रमुख ने क्या जानकारी दी
पेटरवार की उप-प्रमुख सीमा देवी ने कहा कि प्रखंड कार्यालय में लंबे समय से घूसखोरी का खेल चल रहा था। उनका कहना है कि उन्होंने कई बार बड़ा बाबू को समझाने का प्रयास किया था कि घूसखोरी ठीक नहीं है, लेकिन हमेशा उनकी बात को हंसकर टाल दिया गया। इनकी शिकायतों पर गंभीरता से विचार नहीं किया गया और आज नतीजा सामने है। सीमा देवी ने कहा कि यह कार्रवाई बहुत अच्छी है।