द फॉलोअप डेस्क, रांचीः
हजारीबाग में शादी की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब शहर के उपकार होटल में शादी समारोह के दौरान अचानक गोलियों की आवाज गूंज उठी। द्वारपूजा की रस्म के बीच हुए विवाद ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया। इस दौरान हुई गोलीबारी में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक की पहचान हुरहुरू स्थित बाबा पथ निवासी अर्णव सिंह उर्फ बिट्टू के रूप में हुई है। वहीं, घायल अंकित कुमार की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर किया गया है।

उपकार होटल में था संगीत कार्यक्रम
जानकारी के अनुसार, मंगलवार की रात उपकार होटल में शादी समारोह के साथ संगीत कार्यक्रम आयोजित था। बारात चतरा जिले के सिमरिया से आई थी। इसी दौरान द्वारपूजा की रस्म के समय बाराती और सराती पक्ष के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते विवाद ने मारपीट का रूप ले लिया और फिर अचानक गोलियां चलने लगीं। गोलीबारी में अर्णव सिंह और अंकित कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां अर्णव ने दम तोड़ दिया। घटना में गोली चलाने का आरोप बारातियों पर लगाया जा रहा है। हालांकि, पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

परिवार में मचा कोहराम
घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बेटे की मौत की खबर सुनकर मां बार-बार बेसुध हो रही हैं। परिवार के लोगों के लिए शादी की खुशियों के बीच आई यह त्रासदी असहनीय बन गई है। मृतक के भाई विक्रम ने बताया कि उनके घर के समीप ही शादी समारोह आयोजित था और परिवार को निमंत्रण मिला था। इसी निमंत्रण पर उनका भाई अर्णव होटल पहुंचा था। वहां अचानक विवाद हुआ और उनके भाई को गोली मार दी गई। उन्होंने घटना में शामिल दोषियों की पहचान कर कड़ी कार्रवाई की मांग की। वहीं, समाजसेवी राजकुमार सोनी ने घटना पर दुख जताते हुए शहर की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए और अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की।