हजारीबाग
हजारीबाग में अवैध कोयला खनन और तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए CISF की NTPC-CMP इकाई ने बड़कागांव क्षेत्र में विशेष अभियान चलाकर करीब 150.9 टन अवैध कोयला जब्त किया है। कार्रवाई के दौरान चार ट्रक, दो मोटरसाइकिल जब्त किए गए, जबकि चार आरोपियों को गिरफ्तार कर पुलिस के हवाले कर दिया गया। पूरे मामले में अवैध कोयला तस्करी के नेटवर्क की जांच शुरू कर दी गई है। गृह मंत्रालय के निर्देशों और खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 के तहत मिले अधिकारों का इस्तेमाल करते हुए वरिष्ठ कमांडेंट विवेक शर्मा के नेतृत्व में सीआईएसएफ ने 9 जुलाई की रात बड़कागांव के 13 माइल चौक पर नाकाबंदी कर सघन वाहन जांच अभियान चलाया।

दो ट्रक जांच से बचने के लिए तेज रफ्तार में नाका तोड़कर भाग निकले
जांच के दौरान अवैध कोयला लदे दो ट्रकों को उनके चालकों सहित पकड़ लिया गया। इसी दौरान दो अलग-अलग मोटरसाइकिलों से करीब 450 किलोग्राम अवैध कोयला ले जा रहे दो अन्य लोगों को भी गिरफ्तार किया गया। कार्रवाई के दौरान दो और ट्रक जांच से बचने के लिए तेज रफ्तार में नाका तोड़कर भाग निकले। सीआईएसएफ की टीम ने उनका पीछा किया और करीब सात किलोमीटर दूर दोनों ट्रकों को लावारिस हालत में बरामद कर लिया। हालांकि दोनों चालक वाहन छोड़कर फरार हो गए। उनकी गिरफ्तारी के लिए बड़कागांव थाना पुलिस को सूचना देकर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
.jpeg)
तस्करी के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा
सीआईएसएफ ने इस अभियान में कुल 150.9 टन अवैध कोयला, चार ट्रक और दो मोटरसाइकिल जब्त कर बड़कागांव थाना को सौंप दिया है। मामले में एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है और पूरे तस्करी नेटवर्क की कड़ियां खंगाली जा रही हैं। सीआईएसएफ ने स्पष्ट किया है कि अवैध कोयला खनन और तस्करी के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। राष्ट्रीय संपत्ति की सुरक्षा और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय कर ऐसी कार्रवाई और तेज की जाएगी।