logo

हजारीबाग : 2 दिन बाद डोभा में मिला लापता युवक का शव, जांच में जुटी पुलिस 

hbagh2.jpeg

हजारीबाग 

बरकट्ठा, घसकोडीह पंचायत के चुगलामों से लापता 17 वर्षीय युवक मनोज कुमार का शव दो दिन बाद मिला है। शव को गांव के ही डोभा में ही छिपाया गया था। बता दें कि इस मामले में मृतक मनोज कुमार के पिता महादेव महतो उर्फ मेघी महतो ने बरकट्ठा थाना में सनहा दर्ज कराया था। मनोज कुमार महादेव महतो का इकलौता बेटा था। शव को शौच के लिए गये एक ग्रामीण ने देखा, इसके बाद परिजनों को इसकी सूचना दी गयी। मनोज का शव मिलने से गांव में मातम पसर गया है। 


चेहरे पर मिले चोट के निशान 

शव मिलने की सूचना मिलने पर डीएसपी सुरजीत कुमार, इंस्पेक्टर इमदाद अंसारी,थाना प्रभारी राजेश कुमार भोक्ता समेत अन्य अधिकारी गांव पहुंचे। गांव में अधिकारियों को ग्रामीणों का आक्रोश झेलना पड़ा। ग्रामीणों ने बताया कि शव को बाहर निकालने के बाद आंख, नाक और कान से खून निकल रहा था। साथ ही चेहरे पर चोट के निशान मिले हैं। आशंका जताई जा रही है कि हत्या कर शव को डोभा में छिपाने की कोशिश की गयी। पुलिस ने शव को जब्त कर पोस्टमार्टम के लिए हजारीबाग भेज दिया है। 

छानबीन के लिए डॉग स्क्वायड को बुलाया गया 

पुलिस ने मामले की छानबीन के लिए डॉग स्क्वायड और फोरेंसिक टीम को बुलाया है। इधर, घटना की सूचना मिलने पर विधायक अमित कुमार यादव, पूर्व विधायक जानकी प्रसाद यादव, जिप सदस्य कुमकुम देवी, उप प्रमुख सुरजी देवी, कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष गोरी शंकर प्रसाद, मुखिया प्रतिनिधि मनोज यादव, उपमुखिया किशोर मोदी, विजय प्रसाद समेत अन्य जनप्रतिनिधि परिजनों से मिलने गांव पहुंचे हैं।  

 

 

हमें फॉलो करने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें -

https://chatwhatsappcom/H6JHUZV9z0LIcfjbcYlVDn

Tags - hazaribaghmissing youth dobhabodypolice