द फॉलोअप डेस्क, रांचीः
आजसू पार्टी को बड़ा झटका लगा है। ईचागढ़ से वर्ष 2019 और 2024 में विधानसभा चुनाव लड़ चुके पार्टी के केंद्रीय महासचिव हरेलाल महतो ने आजसू की प्राथमिक सदस्यता और केंद्रीय महासचिव के पद से इस्तीफा दे दिया है। हरेलाल महतो ने आजसू सुप्रीमो सुदेश महतो के नाम अपना इस्तीफा पत्र जारी किया है। आज सुबह ही द फॉलोअप ने हरेलाल महतो के आजसू छोड़ने की संभावनाओं की खबर दिखाई थी। अब उनके इस्तीफे के साथ उस खबर की पुष्टि हो गई है। हरेलाल महतो के साथ कई अन्य लोगों के भी पार्टी से इस्तीफा देने की जानकारी सामने आई है।


2019 और 2024 में ईचागढ़ से लड़ा चुनाव
अपने इस्तीफा पत्र में हरेलाल महतो ने कहा कि आजसू पार्टी के साथ उनका जुड़ाव उनके लिए हमेशा सम्मान और गौरव का विषय रहा है। पार्टी नेतृत्व ने उन पर विश्वास जताते हुए वर्ष 2019 और 2024 के झारखंड विधानसभा चुनाव में ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र से पार्टी प्रत्याशी के तौर पर चुनाव लड़ने का अवसर दिया। इसके अलावा राज्य के अलग-अलग विधानसभा उपचुनावों में उन्हें प्रभारी और सह-प्रभारी के रूप में संगठनात्मक जिम्मेदारी निभाने का मौका मिला। उन्होंने इन सभी अवसरों और जिम्मेदारियों के लिए पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व का आभार जताया। हरेलाल ने कहा कि पार्टी में रहते हुए उन्हें वरिष्ठ नेताओं का मार्गदर्शन और पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं व समर्थकों का सहयोग मिला, जिसे वह हमेशा महत्वपूर्ण मानेंगे।
.jpeg)
BJP में जाने की चर्चा हुई तेज
हरेलाल महतो ने अपने पत्र में कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में वह पार्टी की प्राथमिक सदस्यता और केंद्रीय महासचिव के पद से अपना त्यागपत्र दे रहे हैं। उनके इस्तीफे के बाद अब उनके अगले राजनीतिक कदम को लेकर चर्चा तेज हो गई है। राजनीतिक गलियारों में हरेलाल महतो के भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने की अटकलें लगाई जा रही हैं। चर्चा है कि वह जल्द ही BJP का दामन थाम सकते हैं, हालांकि उनके भाजपा में शामिल होने को लेकर अभी आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। ऐसे में अब नजर उनके अगले राजनीतिक कदम पर टिकी है।