द फॉलोअप डेस्कः
पाकुड़ जिले हिरणपुर थाना क्षेत्र से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। दरअसल यहां के डांगापाड़ा-शहरग्राम मुख्य सड़क पर बिंदाडीह गांव के पास शनिवार देर रात पत्थर लदे ट्रक ने दो युवकों को कुचल दिया। जिससे दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मृतकों में बिंदाडीह गांव के देबू सोरेन (22) व रामेश्वर मरांडी (45 वर्ष) शामिल हैं जो गांव में ही सोहराय पर्व मनाकर घर जा रहे थे। इस दौरान वह सड़क पार कर रहे थे। तभी हाईवा ने उनको रौंद दिया। बताया जा रहा है कि यह हाईवा शहरग्राम से पत्थर लोड कर अनियंत्रित रफ्तार से आ से आ रहा था।

गुस्साए लोगों ने सड़क जाम किया
घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने घटना के तुरंत बाद से ही सड़क जाम कर दिया। रात भर परिजन सड़क पर डटे रहे। उधर, घटना की खबर मिलते ही बीडीओ दिलीप टुडू, थाना प्रभारी सुनील कुमार रवि दलबल के साथ मौके पर पहुंच लोगों को समझाने का बहुत प्रयास किया, लेकिन लोग नहीं माने। अंततः पारिवारिक लाभ सहित अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के आश्वासन पर रविवार सुबह जाम हटाया गया।

आश्वासन के बाद जाम हटा
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पाकुड़ भेज दिया। थाना प्रभारी सुनील कुमार रवि ने बताया कि दुर्घटना मामले में परिवारवालों को आश्वासन देने के बाद सड़क जाम हटाया गया है। वहीं, शव को पोस्टमार्टम के लिए पाकुड़ भेज दिया गया है। प्रक्रिया पूरी होने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया जाएगा।