द फॉलोअप डेस्क, रांची:
कांग्रेस ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और उनके कार्यकाल में लिए गए फैसलों को वापस लेने की मांग को लेकर देशव्यापी आंदोलन का ऐलान किया है। झारखंड कांग्रेस प्रभारी के. राजू ने कहा कि सोमवार को राज्य के सभी जिलों में जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्षों के नेतृत्व में प्रदर्शन किया जाएगा। प्रदर्शन के बाद जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की जाएगी।
के. राजू ने कहा कि कांग्रेस की मांग है कि ज्ञानेश कुमार द्वारा लिए गए फैसलों को वापस लिया जाए। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को लेकर पूरे देश में आंदोलन चलाया जाएगा। कांग्रेस ने 29 सितंबर को विशेष CWC बैठक बुलाने की भी बात कही है, जिसमें इस पूरे मुद्दे पर चर्चा कर आंदोलन को देशभर में आगे ले जाने की रणनीति तय की जाएगी।
.jpeg)
देशभर में करीब 13 करोड़ मतदाताओं के नाम हटाए गए
के. राजू ने झारखंड में SIR के दौरान आम लोगों को हो रही परेशानियों का भी मुद्दा उठाया। के. राजू के मुताबिक, बड़ी संख्या में लोगों को नोटिस जारी किए गए हैं और लोग जरूरी दस्तावेज लेकर ARO कार्यालयों का चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन उन्हें कई तरह की दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। के. राजू ने दावा किया कि देशभर में करीब 13 करोड़ मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस पूरे मामले को लोकतंत्र के मूल सिद्धांतों से जोड़कर देख रही है। राहुल गांधी द्वारा उठाए गए सवालों का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे पर अब बड़े स्तर पर अभियान चलाएगी।