logo

देर रात गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंजा जमशेदपुर, 2 युवक घायल

देर रात गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंजा जमशेदपुर, 2 युवक घायल

द फॉलोअप, जमशेदपुर:

Crime News: जमशेदपुर के आजादनगर थाना क्षेत्र में रविवार देर रात आपसी विवाद (Mutual dispute) ने हिंसक रूप ले लिया। ओल्ड पुरुलिया रोड नंबर-3 स्थित बहरा मैदान के पास अचानक हुई फायरिंग (Firing) में दो युवक गोली लगने से घायल हो गये। घायलों की पहचान साकिब नूर और परवेज के रूप में हुई है। दोनों को इलाज के लिए टाटा मुख्य अस्पताल (TMH) में भर्ती कराया गया है। घटना को लेकर मोहम्मद सद्दाम ने बताया कि उनकी बहन के घर पर अचानक 10 से 20 युवक पहुंचे थे। सभी उनके भाई की तलाश कर रहे थे। इस दौरान युवकों ने उनके बड़े भाई के साथ मारपीट भी की। इसकी जानकारी मिलने पर सद्दाम कपाली से मौके पर पहुंचे। सद्दाम के पहुंचते ही वहां मौजूद युवक भागने लगे। 

गोलीबारी से इलाके में अफरा-तफरी

आरोप है कि उनका पीछा करने के दौरान चना वसीम और उसके साथ मौजूद तीन-चार युवकों ने मस्जिद के पास पिस्टल से फायरिंग कर दी। इस दौरान आरोपियों ने उनके भतीजे पर भी पिस्टल तान दी थी। इस फायरिंग की घटना में साकिब नूर को गोली लग गयी। वहीं, उसे बचाने के लिए पहुंचे परवेज भी गोली की चपेट में आकर घायल हो गये। अचानक हुई गोलीबारी से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। सद्दाम ने चना वसीम पर पूर्व से आपराधिक मामले दर्ज होने और हाल ही में जेल से बाहर आने का आरोप भी लगाया है। हालांकि, विवाद की असली वजह क्या थी, किसने फायरिंग की और घटना में कितने लोग शामिल थे, यह पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगा। पुलिस (Jamshedpur Police) मामले की छानबीन में जुटी है।

Tags - Jamshedpur Police Late Night Firing Gunshot Incident Crime News Police Investigation Jharkhand News