logo

गुमला में दर्दनाक सड़क हादसा, पेड़ से टकराई बाइक; 3 युवकों की मौत

जा्3.jpg

द फॉलोअप डेस्क
गुमला जिले में बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार तीन युवकों की मौत हो गई। यह हादसा चैनपुर थाना क्षेत्र के डढ़गांव के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित एक आम के पेड़ से जा टकराई। हादसे में उजड़ा गांव निवासी अक्षय केरकेट्टा (19), आर्यन टोप्पो (18) और संजीत केरकेट्टा (18) की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में मातम का माहौल है।


तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह, मौके पर हुई मौत
परिजनों के अनुसार तीनों युवक बाइक से एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। देर रात चैनपुर से अपने घर लौटने के दौरान डढ़गांव के पास उनकी बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे पेड़ से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए। हादसा इतना भयावह था कि तीनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। बताया जा रहा है कि हादसे के समय तीनों ने हेलमेट भी नहीं पहना था।


पढ़ाई में होनहार था अक्षय, आर्यन कर रहा था स्कूली शिक्षा
मृतकों में शामिल अक्षय केरकेट्टा ने वर्ष 2026 में संत अन्ना विद्यालय से इंटर प्रथम श्रेणी में पास किया था। वहीं आर्यन टोप्पो संत पैट्रिक स्कूल में 11वीं कक्षा का छात्र था। संजीत केरकेट्टा ने 10वीं की पढ़ाई पूरी करने के बाद करीब दो साल पहले पढ़ाई छोड़ दी थी। युवकों की असमय मौत से परिवार और गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। दुर्घटना की जानकारी मिलते ही चैनपुर थाना के एसआई धर्मपाल संतोष लगून पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने गुरुवार को तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल गुमला भेज दिया। मामले की जांच की जा रही है।

 

Tags - Jharkhand Road Accident Bike Accident Youth Death Gumla News Accident News Helmet Safety Breaking News