logo

गुमला पॉलिटेक्निक कॉलेज बदल रहा युवाओं की तकदीर, बड़ी कंपनियों में मिल रहा रोजगार

gumla_polytechnic.jpg

गुमला
झारखंड सरकार द्वारा स्थापित गुमला पॉलिटेक्निक कॉलेज आज जिले की तस्वीर बदलने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है. कभी रोजगार की तलाश में दूसरे राज्यों में पलायन करने वाले यहां के युवा अब तकनीकी शिक्षा प्राप्त कर बड़ी कंपनियों में बेहतर पदों पर कार्य करते हुए नजर आ रहे हैं. कॉलेज के माध्यम से स्थानीय युवक-युवतियों को रोजगार के नए अवसर मिल रहे हैं, जिससे गुमला की पहचान सकारात्मक रूप से बदलती दिखाई दे रही है. इन्हीं विषयों को लेकर गुमला पॉलिटेक्निक कॉलेज के निदेशक अभिजीत कुमार ने प्रेस वार्ता आयोजित की. इस दौरान उन्होंने बताया कि कॉलेज तकनीकी शिक्षा के साथ-साथ विद्यार्थियों को रोजगार से जोड़ने की दिशा में लगातार कार्य कर रहा है. उन्होंने कहा कि कॉलेज से पढ़ाई पूरी करने के बाद बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं प्रतिष्ठित कंपनियों में नौकरी प्राप्त कर रहे हैं.
टाना भगत परिवार से जुड़े युवाओं को भी मिल रहा रोजगार
निदेशक अभिजीत कुमार ने विशेष रूप से कहा कि आदिवासी समुदाय के कई युवक-युवतियां आज विभिन्न बड़ी कंपनियों में बेहतर तरीके से कार्य कर रहे हैं. इतना ही नहीं, टाना भगत परिवार से जुड़े युवा भी अब तकनीकी शिक्षा प्राप्त कर रोजगार के क्षेत्र में आगे बढ़ रहे हैं. इससे न केवल युवाओं का भविष्य संवर रहा है, बल्कि जिले की सामाजिक और आर्थिक स्थिति में भी सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहा है. उन्होंने कहा कि गुमला पॉलिटेक्निक कॉलेज का उद्देश्य केवल शिक्षा देना नहीं, बल्कि युवाओं को आत्मनिर्भर बनाना भी है. कॉलेज द्वारा कौशल विकास और रोजगारोन्मुखी शिक्षा पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि स्थानीय युवाओं को अपने ही क्षेत्र से बेहतर अवसर मिल सकें. प्रेस वार्ता के दौरान अभिजीत कुमार ने कॉलेज की उपलब्धियों, रोजगार के अवसरों और भविष्य की योजनाओं को लेकर विस्तार से जानकारी दी. उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में गुमला पॉलिटेक्निक कॉलेज जिले के विकास और युवाओं के भविष्य निर्माण में और बड़ी भूमिका निभाएगा.

 

Tags - Gumla Polytechnic College news Gumla Polytechnic College Jobs Jobs in Gumla Polytechnic College Gumla Polytechnic College placement palcement in Gumla Polytechnic College