द फॉलोअप डेस्क
गुमला जिले के कामडारा थाना क्षेत्र के कामडारा-बेड़ो मेन रोड पर बरटोली के समीप बाइक और स्कूटी की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे के बाद स्कूटी सड़क किनारे पानी भरे खेत में जा गिरी और उसमें अचानक आग लग गई। आग की चपेट में आने से स्कूटी चालक रोहित तोपनो की मौत हो गई, जबकि बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।

खेल देखकर लौट रहे थे बाइक सवार युवक
जानकारी के अनुसार, कामडारा मिशन मैदान में खेल देखकर गांवगाड़ा निवासी विनित बरला (20) और अविनाश उरांव (20) बाइक से तुरबूल चौक की ओर जा रहे थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से रोहित तोपनो अपनी स्कूटी (जेएच 01 एफएन 1037) से मिशन मैदान की ओर आ रहा था। बरटोली के पास दोनों वाहनों की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी अनियंत्रित होकर खेत में जा गिरी और उसमें आग लग गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।