गुमला
गुमला पुलिस को नक्सल विरोधी अभियान में बड़ी सफलता मिली है। प्रतिबंधित आपराधिक संगठन जेजेएमपी (JJMP) के 5 लाख रुपये के इनामी सब-जोनल सदस्य रामदेव लोहरा को उसके तीन सहयोगियों के साथ गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने इनके कब्जे से AK-56, SLR सहित भारी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद और अन्य सामान बरामद किया है।
गोपनीय सूचना पर हुई कार्रवाई
जिला पुलिस अधीक्षक (एसपी) हरीश बिन जमां ने बताया कि पुलिस को गोपनीय सूचना मिली थी कि रामदेव लोहरा अपने दस्ते के साथ संगठन को दोबारा सक्रिय करने, उसका विस्तार करने और किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना के तहत क्षेत्र में घूम रहा है। सूचना के सत्यापन और त्वरित कार्रवाई के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (चैनपुर) श्रुति कुमारी के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया।
जंगल में घेराबंदी कर चार अपराधी गिरफ्तार
सर्च अभियान के दौरान डुमरी थाना क्षेत्र के औतापाठ जंगल में घेराबंदी कर पुलिस ने रामदेव लोहरा सहित चार लोगों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में रामदेव लोहरा, अरविंद नायक, मुनेश्वर सिंह और जितेंद्र लोहरा शामिल हैं। पुलिस के अनुसार सभी का आपराधिक इतिहास रहा है।
AK-56, SLR समेत भारी मात्रा में हथियार बरामद
गिरफ्तार आरोपियों के पास से पुलिस ने एक AK-56 राइफल, दो मैगजीन, एक SLR राइफल व मैगजीन, एक सेमी ऑटोमेटिक राइफल, AK-56 के 88 जिंदा कारतूस, SLR के 13 कारतूस, सेमी ऑटोमेटिक राइफल के 39 कारतूस, 7.65 एमएम पिस्टल, एक देसी कट्टा, जिंदा कारतूस, वॉकी-टॉकी, मोबाइल फोन, नौ वाई-फाई डोंगल, प्रतिबंधित संगठन JJMP के नक्सली पर्चे तथा एक मोटरसाइकिल बरामद की है।.jpeg)
संगठन को दोबारा सक्रिय करने की थी साजिश
एसपी हरीश बिन जमां ने बताया कि यदि समय रहते पुलिस को यह सूचना नहीं मिलती, तो आरोपी संगठन को फिर से सक्रिय कर क्षेत्र में आपराधिक और नक्सली गतिविधियों को बढ़ावा दे सकते थे। उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई इलाके में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की दिशा में बड़ी सफलता है।
इन पुलिस अधिकारियों ने निभाई अहम भूमिका
इस अभियान में एसडीपीओ चैनपुर श्रुति कुमारी, डुमरी थाना प्रभारी शशि प्रकाश, रेड्डी थाना प्रभारी संदीप कुमार यादव, घाघरा थाना प्रभारी मोहन कुमार सिंह, सिसई थाना प्रभारी नीरज कुमार, जारी थाना प्रभारी सनी कुमार, डुमरी थाना के मनोज कुमार, घाघरा थाना के विकास कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।.jpeg)
आगे भी जारी रहेगी कार्रवाई
एसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से मिले सुरागों के आधार पर आगे की जांच जारी है। पुलिस संगठन के नेटवर्क और उससे जुड़े अन्य लोगों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जिले में अपराध और नक्सली गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए अभियान आगे भी तेज़ी से जारी रहेगा।