logo

गुमला में अंतरराज्यीय कोराई गैंग का भंडाफोड़, 11 शातिर चोर गिरफ्तार; लाखों के जेवर और मास्टर की बरामद

Screenshot_2026-08-09_175521.jpg

गुमला
पालकोट थाना क्षेत्र में चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी कर रहे अंतरराज्यीय चोर गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण, नकदी, अवैध हथियार, कारतूस, मोबाइल फोन और ताला खोलने वाली मास्टर की बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार, गिरोह का संबंध ओडिशा के कोराई गैंग से है।
गुप्त सूचना पर SIT ने की छापेमारी
पुलिस अधीक्षक, गुमला को 8 अगस्त को मिली गुप्त सूचना के बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, बसिया के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया। टीम ने पालकोट थाना क्षेत्र के बिलिंगबिरा रोड स्थित सुमित केसरी के ईंट भट्ठे के सामने पहाड़ के समीप छापेमारी कर संदिग्धों को गिरफ्तार किया।
सोना-चांदी, नकदी और हथियार बरामद
छापेमारी के दौरान पुलिस ने 69.9 ग्राम सोना, 1.340 किलोग्राम चांदी, 1.70 लाख रुपये नकद, एक देसी पिस्टल, दो देसी कट्टा, विभिन्न बोर के 11 कारतूस, सात मोबाइल फोन और दो मास्टर की बरामद की। पुलिस के मुताबिक, मास्टर की का इस्तेमाल ताले खोलकर चोरी की वारदात को अंजाम देने में किया जाता था।
12 लाख के आभूषण चोरी से भी जुड़े तार
गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के बाद पुलिस ने उन्हें पालकोट थाना कांड संख्या 35/26 और घाघरा थाना कांड संख्या 39/26 से जोड़कर जांच शुरू की है। जांच में पालकोट क्षेत्र में करीब 12 लाख रुपये के आभूषण की चोरी समेत घाघरा थाना क्षेत्र में हुई चोरी की घटनाओं में भी गिरोह की संलिप्तता सामने आई है।
कई राज्यों में फैला है गिरोह का नेटवर्क
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में गिरोह के अंतरराज्यीय नेटवर्क का खुलासा हुआ है। गिरोह के सदस्य झारखंड समेत अन्य राज्यों में चोरी, सेंधमारी और लूट की कई घटनाओं को अंजाम दे चुके हैं। गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी और चोरी के सामान की बरामदगी के लिए SIT की विभिन्न राज्यों में छापेमारी जारी है।

Tags - Gumla Palakot Theft Gang Crime News Jharkhand News