गुमला
चैनपुर प्रखंड के बसंतपुर टोली में शुक्रवार देर रात हुई मूसलाधार बारिश ने एक परिवार पर कहर बरपा दिया। लगातार हो रही बारिश के बीच रात करीब एक बजे प्रसतन रौतिया का मिट्टी का घर अचानक भरभराकर ढह गया। हादसे के समय घर के सभी सदस्य गहरी नींद में सो रहे थे। घर गिरने से 55 वर्षीय प्रसतन रौतिया, उनकी 50 वर्षीय पत्नी टेनी देवी और उनका पांच वर्षीय पुत्र ऋतिक सिंह मलबे में दबकर घायल हो गए। घर गिरने की तेज़ आवाज़ सुनकर आसपास के ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू करते हुए सभी घायलों को मलबे से सुरक्षित बाहर निकाला लिया गया हैं। 
ग्रामीणों की तत्परता से टला बड़ा हादसा
जानकारी के मुताबिक, घटना में रितिक सिंह के सिर में गंभीर चोट आई, जबकि उसके माता-पिता को भी चोटें लगीं। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने रितिक की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए गुमला सदर अस्पताल रेफर कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर बेंदोरा पंचायत के मुखिया सुशील दीपक मिंज मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार को तत्काल ₹1000 की आर्थिक सहायता प्रदान की। घटना के बाद क्षेत्र में कच्चे एवं जर्जर मकानों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से प्रभावित परिवार को तत्काल मुआवजा, राहत सामग्री और सुरक्षित आवास उपलब्ध कराने की मांग की है। साथ ही लगातार बारिश के दौरान जर्जर मकानों में नहीं रहने और सतर्क रहने की अपील भी की गई है।