द फॉलोअप डेस्क
गुमला सदर प्रखंड क्षेत्र में मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घाघरा-गुमला सीमांत सड़क पर बाकी नदी पुल के पास तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर करीब 25 फीट नीचे गिर गई। स्थानीय खरका निवासी प्रकाश तिवारी ने बताया कि बाइक पर तीन लोग सवार थे। सूचना मिलने पर एंबुलेंस से तीनों को गुमला सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने दो युवकों को मृत घोषित कर दिया, जबकि एक का इलाज जारी है। मृतकों की पहचान बड़काडीह निवासी 25 वर्षीय मंगरा उरांव और 30 वर्षीय चरकु उरांव के रूप में हुई है। वहीं, गंभीर रूप से घायल 25 वर्षीय सूरज उरांव भी बड़काडीह का ही रहने वाला है। घटना की सूचना मिलते ही टोटो थाना के एसआई गफ्फार अंसारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दुर्घटनाग्रस्त बाइक को जब्त कर लिया।

शराब पीकर मछली खरीदने जा रहे थे तीनों
घायल सूरज उरांव ने पुलिस को बताया कि चरकु उरांव गाजीपुर के एक ईंट भट्ठे में काम करता था और उसे हाल ही में वेतन मिला था। तीनों ने मिलकर शराब पी थी और खरका डेली मार्केट से मछली खरीदने जा रहे थे। सूरज के अनुसार, मंगरा उरांव बाइक चला रहा था। उसने अचानक बाइक का अगला पहिया उठा दिया, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर सीधे पुल से नीचे जा गिरा। सूरज ने समय रहते कूदकर अपनी जान बचा ली, जबकि चरकु की मौके पर ही मौत हो गई और मंगरा ने अस्पताल में दम तोड़ दिया।

तीनों ने नहीं पहना था हेलमेट
पुलिस जांच में सामने आया है कि तीनों युवकों ने हेलमेट नहीं पहना था। पुलिस ने मृतकों के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। परिजनों के पहुंचने के बाद शवों का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा और फिर उन्हें अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया जाएगा। बताया गया है कि हादसे में जान गंवाने वाले दोनों युवक अविवाहित थे। पुलिस दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।