logo

MMDR : अनुदान भीख नहीं, हमारा अधिकार है! आज नहीं तो कल देना ही पड़ेगा- सीएम हेमंत

 अनुदान भीख नहीं, हमारा अधिकार है! आज नहीं तो कल देना ही पड़ेगा- सीएम हेमंत

द फॉलोअप डेस्क, रांचीः
 

CM SIR-MMDR News: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा है कि अनुदान भीख नहीं, हमारा हक है। इसे देना ही पड़ेगा। आज नहीं तो कल। उन्होंने यह भी चेताया कि वह एमएमडीआरए को लेकर कानूनी सलाह ले रहे हैं। कोर्ट जाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि एक ही संवैधानिक प्रश्न है। लोकतंत्र में नागरिकों की भी भागीदारी सुनिश्चित होनी चाहिे। संघीय व्यवस्था में राज्य को भी संविधान ने शक्ति दी है। इसे समझना चाहिए। क्योंकि संविधान में सबके लिए अधिकार रेखांकित है। उन्होंने कहा कि एसआईआर के दौरान दो से ढाई  हजार लोगों के नाम काट दिए गए, जो जिंदा हैं। इसकी उनके पास सूची है। मुख्यमंत्री सदन में एसआईआर और एमएमडीआर एक्ट में हुए संशोधन पर हुई चर्चा का जवाब दे रहे थे। उन्होंने कहा कि एमएमडीआरए एक्ट में संशोधन अपने व्यापारिक मित्रों को लाभ पहुंचाने के लिए किया गया। संविधान पीठ में जब ये कानूनी लड़ाई हार गए तो संशोधन के माध्यम से व्यापारिक मित्रों को लाभ पहुंचाने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि अगर बकाया का पैसा केंद्र सरकार के कोष में भी जाता तो खुशी होती। लेकिन ये इनके व्यापारिक मित्रों की जेब में जा रही है। एक कर इनके (भाजपा) सारे कपड़े उतरेंगे और ये नंगा दिखेंगे। मुख्यमंत्री के जवाब के बाद सदन ने एमएमडीआर एक्ट में संशोधन के विरुद्ध लाए गए प्रस्ताव को ध्वनि मत से पारित कर दिया। मुख्यमंत्री के भाषण शुरू होने से पहले ही भाजपा विधायकों ने सदन का बहिष्कार कर दिया था।

केंद्र सरकार पर जमकर हमला

झारखंड विधानसभा के दो दिवसीय विशेष सत्र के अंतिम दिन और संविधान दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सदन में केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और MMDR संशोधन को लेकर केंद्र सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र में हर नागरिक की राजनीतिक भागीदारी सुनिश्चित होनी चाहिए। वहीं, संघीय व्यवस्था में राज्यों को भी अपने संवैधानिक अधिकारों के तहत अपनी बात रखने और अपने हितों की रक्षा करने का अधिकार है। उन्होंने कहा कि झारखंड भी भारत का हिस्सा है और राज्य सरकार देश के विकास में कभी बाधा नहीं बनना चाहती, लेकिन राज्य के अधिकारों के साथ समझौता भी नहीं किया जा सकता।


'हम भारत के लोग' संविधान की सबसे बड़ी ताकत

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपने संबोधन की शुरुआत संविधान दिवस के महत्व से की। उन्होंने कहा कि आज ही के दिन 1949 में संविधान को स्वीकृति मिली थी। यह संयोग है कि संविधान दिवस के दिन ही विधानसभा का विशेष सत्र भी आयोजित हो रहा है। मुख्यमंत्री ने संविधान की प्रस्तावना में लिखे 'हम भारत के लोग' शब्दों का उल्लेख करते हुए कहा कि सुनने में ये शब्द साधारण लगते हैं, लेकिन इनके मायने बहुत व्यापक हैं। संविधान ने हर नागरिक को समान अधिकार दिए हैं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में एक आम नागरिक के मत का महत्व भी उतना ही है, जितना बड़े पूंजीपतियों के मत का है। किसी के मत का मूल्य कम नहीं हो सकता।


डेट बढ़ा कर आयोग अपनी चोरी को ढकने का काम कर रही है
मुख्यमंत्री ने SIR को संवैधानिक प्रक्रिया बताते हुए कहा कि राज्य सरकार इसका विरोध नहीं करती, लेकिन इसे लागू करने के तौर-तरीकों पर सवाल जरूर हैं। उन्होंने झारखंड की भौगोलिक परिस्थितियों, आदिवासी बहुल आबादी और भाषाई विविधता का जिक्र किया। कहा कि राज्य में आज भी ऐसे कई गांव हैं, जहां के लोगों ने जिला कार्यालय तक नहीं देखा है। कई लोग ऐसे हैं, जो अभी तक हिंदी भाषा भी नहीं बोल पाते हैं। ऐसे में उनसे अपनी नागरिकता और पहचान से जुड़े दस्तावेज प्रस्तुत करने की अपेक्षा करना बड़ी चुनौती है।
उन्होंने सदन में बताया कि SIR के तहत लगभग 63 लाख लोगों को नोटिस भेजा गया था। मुख्यमंत्री के अनुसार, यदि प्रत्येक व्यक्ति की मजदूरी, यात्रा, दस्तावेज और समय की लागत 500 रुपये मानी जाए तो कुल खर्च 315 करोड़ रुपये होता है। उन्होंने सवाल उठाया कि इस प्रक्रिया का आर्थिक बोझ आखिर आम नागरिकों पर ही पड़ेगा। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि SIR की तारीख बढ़ाए जाने से पहले फॉर्म-7 के लगभग 13 हजार आवेदन भरे गए थे, जबकि तारीख बढ़ने के बाद यह संख्या 2 लाख तक पहुंच गई। उन्होंने कहा कि यदि तारीख नहीं बढ़ाई जाती तो इन 2 लाख लोगों को अपनी बात रखने का अवसर नहीं मिल पाता। अब ये अपनी चोरी को ढकने के लिए तिथि बढ़ाने का काम कर रहे हैं। उन्होंने चुनाव आयोग को भेजे गए पत्रों का जवाब नहीं मिलने का मुद्दा भी उठाया और संवैधानिक संस्थाओं की जवाबदेही सुनिश्चित करने की जरूरत बताई।

अनुदान हमारा हक है, हम भीख नहीं मांग रहे

केंद्र से मिलने वाले अनुदान को लेकर विपक्ष की ओर से उठाए गए सवालों पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य को मिलने वाला अनुदान उसका अधिकार है, कोई भीख नहीं। उन्होंने कहा, 'यह अनुदान हमारा हक है। हम भीख नहीं मांग रहे हैं और उनको देना पड़ेगा, आज नहीं तो कल।' मुख्यमंत्री ने राज्य के बकाया पैसे का मुद्दा उठाते हुए कहा कि भारत सरकार के पास झारखंड का 1,36,000 करोड़ रुपये बकाया है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य को अपने अधिकारों के लिए कानूनी लड़ाई भी लड़नी पड़ रही है और कई मामलों में पैसा अटका हुआ है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने अपने संसाधनों पर ध्यान केंद्रित कर उन्हें जुटाने का प्रयास किया है, ताकि गरीबों के आवास और ग्रामीण सड़कों जैसी बुनियादी जरूरतों को पूरा किया जा सके।


MMDR संशोधन को बताया झारखंड और आदिवासियों के हितों के खिलाफ

MMDR संशोधन पर चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इस कानून के तहत मिलने वाली राशि को केवल सरकारी खजाने में आने वाला पैसा नहीं समझना चाहिए। यह उस नुकसान की क्षतिपूर्ति है, जो खनन और अन्य गतिविधियों के कारण राज्य, स्थानीय लोगों और प्रभावित परिवारों को उठाना पड़ता है।
उन्होंने कहा कि खनन के कारण किसी मजदूर की मौत होती है तो उसके परिवार को क्षतिपूर्ति देनी पड़ती है। किसी व्यक्ति का घर उजड़ता है या वह विस्थापित होता है तो उसकी भरपाई भी जरूरी है। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि जब राज्य सरकार ने कानूनी लड़ाई के बाद अपने अधिकारों के तहत क्षतिपूर्ति की मांग शुरू की, तब केंद्र सरकार ने संशोधन के जरिए राज्य के हाथ बांधने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि इस संशोधन से आदिवासी, दलित, पिछड़े और झारखंड के हितों को नुकसान पहुंचेगा। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि खनन के क्षेत्र में निजी कंपनियों को बढ़ावा दिया जा रहा है और सरकारी कंपनियों की भागीदारी काफी कम रह गई है। उन्होंने कहा कि यह संशोधन देशहित और झारखंडहित के बजाय व्यापारियों के हित में लाया गया है।

ग्रामसभा की सहमति पर उठाया सवाल

मुख्यमंत्री ने अनुसूचित क्षेत्रों में ग्रामसभा के अधिकारों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के कानूनों में ग्रामसभा को प्राथमिकता देने की बात कही जाती है। ऐसे में जब अनुसूचित क्षेत्रों में ग्रामसभा की सहमति और प्राथमिकता जरूरी है, तो झारखंड सरकार से पूछे बिना इस तरह का कानून कैसे लाया गया? उन्होंने संसद में MMDR संशोधन विधेयक को पारित कराने की प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि विधेयक को जल्दबाजी में सदन में लाया गया और हंगामे के बीच पारित करा दिया गया। उन्होंने इसे सुनियोजित प्रक्रिया बताते हुए केंद्र सरकार की मंशा पर सवाल खड़े किए।

जल, जंगल और जमीन को लेकर जताई चिंता
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में झारखंड की प्राकृतिक संपदा और पर्यावरण संरक्षण का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि झारखंड की मिट्टी, जल, जंगल और जमीन से यहां के लोगों का भावनात्मक जुड़ाव है। खनन और औद्योगिक गतिविधियों के नाम पर पहाड़ों और जंगलों को नुकसान पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि खनिज संपदा एक दिन समाप्त हो जाएगी, पहाड़, नदियां और नाले भी प्रभावित होंगे, लेकिन झारखंड के लोग और आने वाली पीढ़ियां यहीं रहेंगी। ऐसे में राज्य की प्राकृतिक विरासत को बचाना जरूरी है।
मुख्यमंत्री ने अरावली पहाड़ियों का उदाहरण देते हुए कहा कि पहाड़ों और प्राकृतिक संरचनाओं का अपना महत्व होता है। अरावली की पहाड़ियां रेगिस्तान से आने वाली गर्म हवाओं को रोकने में दीवार की तरह काम करती हैं। उन्होंने कहा कि प्रकृति के साथ लगातार छेड़छाड़ का असर मानव जीवन पर पड़ रहा है। उन्होंने दुमका में प्रस्तावित खनन कार्य को लेकर हुई घटना का भी जिक्र किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि व्यापारी अन्वेषण की अनुमति से जुड़े कागजात दिखाकर क्षेत्र में पहुंचे, जिसके बाद हंगामे की स्थिति पैदा हुई। उन्होंने इसे गंभीर चिंता का विषय बताया।

विस्थापन और प्रभावित परिवारों की क्षतिपूर्ति पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि खनन और विकास परियोजनाओं के कारण जिन लोगों का विस्थापन होता है, उनकी पीड़ा को समझना जरूरी है। जिस किसान की जमीन चली जाती है, जो परिवार 100 साल से किसी घर में रह रहा है और उसे अपना घर छोड़ना पड़ता है, उसकी परेशानी का अंदाजा वही लगा सकता है जिसका घर उजड़ता है।
उन्होंने कहा कि व्यापारियों और किसानों की परिस्थितियों में बड़ा अंतर है। व्यापारी जहां पैसा कमाने के लिए आते हैं, वहीं किसान अनाज उगाता है और अपनी जमीन से जुड़ा रहता है। ऐसे में विकास परियोजनाओं के कारण प्रभावित होने वाले लोगों के अधिकारों और उचित क्षतिपूर्ति की व्यवस्था होनी चाहिए।

केंद्र की नीतियों और विपक्ष की भूमिका पर भी साधा निशाना

मुख्यमंत्री ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष की भूमिका केवल सत्ता पक्ष का विरोध करना नहीं होनी चाहिए। उन्हें उम्मीद थी कि राज्य के हित से जुड़े संवेदनशील मुद्दों पर विपक्षी सदस्य सहयोग करेंगे। उन्होंने केंद्र सरकार पर संवैधानिक संस्थाओं की जवाबदेही कमजोर करने का आरोप भी लगाया।
उन्होंने कहा कि संवैधानिक संस्थाओं को सुरक्षा मिलनी चाहिए, लेकिन ऐसी सुरक्षा नहीं होनी चाहिए, जिससे कोई संस्था मनमानी करने लगे। हर संस्था की जवाबदेही और उसके कामकाज के लिए नियम-कानून होना जरूरी है।मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री आवास, पेंशन और ग्रामीण विकास के लिए मिलने वाली राशि का भी उल्लेख किया। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र से इन मदों में पर्याप्त राशि नहीं मिल रही है। राज्य सरकार ने गरीबों को आवास उपलब्ध कराने और ग्रामीण सड़कों के निर्माण के लिए अपने स्तर पर संसाधन जुटाने का निर्णय लिया है।

'केंद्र में मजबूत नहीं, मजबूर सरकार है'
अपने संबोधन के दौरान मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि सरकार खुद को मजबूत बताती है, लेकिन उसके फैसले कुछ बड़े व्यापारियों के हित में दिखाई देते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि देश की सार्वजनिक संपत्तियों और प्राकृतिक संसाधनों को निजी हाथों में सौंपा जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि देश का विकास केवल खनिज संपदा निकालने और पहाड़ों को काटने से नहीं होगा। शिक्षा, अच्छे संस्थान और आने वाली पीढ़ियों का भविष्य भी उतना ही महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि झारखंड सरकार छोटे-छोटे प्रयासों से उत्कृष्ट विद्यालय बनाने की दिशा में काम कर रही है। राज्य में पहले शिक्षा का अभाव रहा है, लेकिन यहां के पूर्वजों में दूरदर्शिता की कमी नहीं थी। आज उन्हीं के प्रयासों और विरासत की वजह से राज्य अपनी बात मजबूती से रखने की स्थिति में है। अपने भाषण के अंतिम हिस्से में मुख्यमंत्री ने सामाजिक सौहार्द और इंसानियत का उल्लेख किया। उन्होंने विधानसभा को ऐसा मंदिर बताया, जहां किसी भगवान या अल्लाह से ज्यादा इंसानियत, प्रेम और सौहार्द का महत्व है। उन्होंने आरोप लगाया कि देश में जाति और धर्म के आधार पर लोगों को बांटने की राजनीति की जा रही है। अंत में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि राज्य सरकार झारखंड के अधिकारों, यहां के लोगों और प्राकृतिक संसाधनों की रक्षा के लिए अपनी लड़ाई जारी रखेगी। उन्होंने अपने संबोधन के साथ सदन के प्रति आभार जताया।

Tags - MMDRHemant SorenSpecial SessionsSIR