द फॉलोअप डेस्क
जामताड़ा के गांधी मैदान में किसान मेला और उद्यान प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इसमें कृषि क्षेत्र में नवाचारों पर विस्तृत चर्चा हुई। गांधी मैदान में आयोजित जिला स्तरीय किसान मेला सह उद्यान प्रदर्शनी में सैकड़ों किसानों ने भाग लिया। इसमें कृषि, बागवानी और नवीनतम तकनीकों के बारे में जानकारी दी गई। किसानों को उन्नत खेती और बागवानी के तरीके सिखाने के उद्देश्य से यह मेला आयोजित किया गया था।
पूर्व सांसद रहे मुख्य अतिथि
इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व सांसद फुरकान अंसारी ने शिरकत की। इस अवसर पर नाला विधायक प्रतिनिधि परेश यादव, उपायुक्त कुमुद सहाय, उप विकास आयुक्त निरंजन कुमार और जिप सदस्य सुरेंद्र मंडल भी उपस्थित थे। सभी ने किसानों के हित में सरकारी योजनाओं और सहायता के बारे में जानकारी दी और उनकी समस्याओं पर चर्चा की।किसान हैं समाज की रीढ़
पूर्व सांसद फुरकान अंसारी ने इस अवसर पर कहा, किसान हमारे समाज की रीढ़ हैं। इस तरह के मेलों का आयोजन किसानों को नई तकनीकों से परिचित कराने और उनके जीवन स्तर को सुधारने में मदद करता है। वहीं, उपायुक्त कुमुद सहाय ने कहा कि किसानों को कृषि क्षेत्र में समृद्धि के लिए नए आयामों पर काम करना होगा। इस प्रकार के कार्यक्रम का आयोजन इसके लिए प्रेरित करने का एक महत्वपूर्ण कदम है।
जानकारी हो कि कार्यक्रम में प्रदर्शनी के दौरान विभिन्न कृषि उत्पादों, फसलों और उद्यानों की प्रदर्शनी भी लगाई गई। इसमें किसानों को नई किस्मों के बीज, कृषि यंत्र, और उन्नत तकनीकियों के बारे में जानकारी मिली। किसान मेला और उद्यान प्रदर्शनी का आयोजन किसानों के लिए एक बड़ा अवसर साबित हुआ। यहां उन्होंने न केवल खेती-बाड़ी की नई तकनीकों को जाना। बल्कि उन्हें सरकारी योजनाओं के बारे में भी विस्तृत जानकारी मिली।