द फॉलोअप डेस्क
सरकार ने आंदोलनरत छात्रों के दूसरे गुट यानी JLKM से जुड़े छात्र प्रतिनिधिमंडल के साथ शनिवार को दूसरे दौर की वार्ता की। मोरहाबादी स्थित स्टेट गेस्ट हाउस में करीब पौने दो घंटे तक चली इस बैठक में JPSC और JSSC से जुड़े विभिन्न मुद्दों और छात्रों की मांगों पर विस्तार से चर्चा हुई। वार्ता खत्म होने के बाद चारों मंत्री एक साथ बाहर निकले और मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार किसी एक छात्र संगठन तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि अलग-अलग छात्र संगठनों से बातचीत कर उनकी मांगों और सुझावों को सुनेगी। मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने JPSC और JSSC से जुड़े सुझाव सरकार तक पहुंचाने के लिए एक ईमेल आईडी भी जारी की है, जिस पर छात्र अपनी बात और सुझाव भेज सकते हैं। सरकार की ओर से कहा गया है कि सभी छात्र संगठनों से बातचीत के बाद उनकी मांगों और सुझावों पर गंभीरता से विचार किया जाएगा। बता दें कि इससे पहले शुक्रवार को भी सरकार के प्रतिनिधिमंडल ने आंदोलन कर रहे छात्रों के एक प्रतिनिधिमंडल के साथ वार्ता की थी, लेकिन उस बैठक में कोई ठोस समाधान नहीं निकल सका था।
