जामताड़ा:
जामताड़ा में सरकारी स्कूल के प्रधानाध्यापक पर 6 साल की बच्ची के साथ छेड़खानी और रेप की कोशिश का संगीन आरोप लगा है। मामला नारायणपुर स्थित उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय, जेरुआ का है। आरोपी प्रधानाध्यापक का नाम मोला अंसारी है। इस वारदात को लेकर स्थानीय लोगों में काफी आक्रोश है। पीड़ित बच्ची के पिता ने नारायणपुर थाने में लिखित आवेदन देकर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पिता की शिकायत के मुताबिक, सोमवार को बच्ची स्कूल गई थी। आरोप है कि दोपहर को आरोपी शिक्षक ने अन्य बच्चों को समय से पहले घर भेज दिया, जबकि 3 बच्चियों को स्कूल में ही रोक लिया।

स्कूल में बच्ची से अश्लील हरकत का आरोप
पीड़िता के पिता ने पुलिस को बताया कि आरोपी प्रधानाध्यापक उनकी 6 वर्षीय बच्ची को बहला-फुसलाकर ऊपर के कमरे में ले गया। वहां उसने कथित तौर पर अपना और बच्ची का कपड़ा उतार दिया और अश्लील हरकत की। बताया जाता है कि डरी-सहमी बच्ची जब चिल्लाने लगी तो आरोपी ने उसे छोड़ दिया। आरोप है कि प्रधानाध्यापक ने बच्ची को घटना के विषय में किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी। दोपहर को करीब 2 बच्चे बच्ची बदहवास स्थिति में घर पहुंची। परिजनों के पूछने पर उसने घटना की जानकारी दी।

पुलिस ने जल्द गिरफ्तारी का दिया है भरोसा
इस वारदात की जानकारी मिलते ही गांव वाले काफी नाराज हो गए। प्रधानाध्यापक की शर्मनाक हरकत पर लोग आक्रोशित हैं। लोगों की मांग है कि आरोपी प्रधानाध्यापक को अविलंब गिरफ्तार किया जाए। मामले की गंभीरता को देखते हुए नारायणपुर पुलिस ने तत्काल संज्ञान लिया। थाना प्रभारी मुराद हुसैन ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। उसे बहुत जल्द गिरफ्तार कर लिया जायेगा। पीड़ित, बच्ची को नियमों के मुताबिक बाल कल्याण समिति को सौंपा जा रहा है, ताकि उसकी काउंसिलिंग कराई जा सके।