द फॉलोअप डेस्क
सरकार ने इंस्टाग्राम पर बच्चों के यौन शोषण से जुड़ी सामग्री वाले विज्ञापनों को लेकर मेटा को कड़ा नोटिस जारी किया है। समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) ने मेटा को निर्देश दिया है कि इंस्टाग्राम पर ऐसे सभी विज्ञापन और कंटेंट तुरंत हटाए जाएं, जो बच्चों के यौन शोषण या उससे जुड़े आपत्तिजनक कंटेंट तक पहुंच को बढ़ावा देते हैं। मामले में कंपनी से सात दिनों के भीतर जवाब भी मांगा गया है।
सूत्रों के अनुसार, मंत्रालय ने शनिवार को मेटा को नोटिस जारी किया। इसमें कहा गया है कि इंस्टाग्राम के पेड विज्ञापनों में बच्चों के यौन शोषण और उनसे जुड़े आपत्तिजनक कंटेंट का प्रसार गंभीर चिंता का विषय है। मंत्रालय ने ऐसे सभी विज्ञापनों और संबंधित सामग्री को तत्काल हटाने के निर्देश दिए हैं।
Government issues stern notice to Meta on child sexual abuse material in Instagram advertisements: Sources. pic.twitter.com/UV9qDrTK3V
— Press Trust of India (@PTI_News) July 5, 2026

जवाब नहीं देने पर हो सकती है कार्रवाई
सरकार ने मेटा से सात दिनों के भीतर विस्तृत जवाब देने को कहा है। यदि कंपनी संतोषजनक जवाब देने या आवश्यक कार्रवाई करने में विफल रहती है तो उसके खिलाफ सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम (IT Act) और POCSO Act के प्रावधानों के तहत कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।

टेलीग्राम को भी मिल चुका है नोटिस
इससे पहले केंद्र सरकार ने टेलीग्राम को भी नोटिस जारी किया था। सरकार ने प्लेटफॉर्म को पायरेटेड फिल्मों और ओटीटी कंटेंट की अवैध शेयरिंग पर रोक लगाने के लिए आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया था। सरकार का कहना है कि डिजिटल प्लेटफॉर्म पर गैरकानूनी और आपत्तिजनक सामग्री के प्रसार को रोकने के लिए लगातार निगरानी और सख्त कार्रवाई की जा रही है।