logo

गोड्डा मिशन के फादर पर दुष्कर्म, गर्भपात और ब्लैकमेलिंग का आरोप; महिला ने मांगा न्याय

गोड्डा मिशन के फादर पर दुष्कर्म, गर्भपात और ब्लैकमेलिंग का आरोप; महिला ने मांगा न्याय

द फॉलोअप डेस्क:

गोड्डा जिले (Godda District) में मिशन से जुड़े फादर थॉमस सोरेन (Thomas Soren) पर 32 वर्षीय महिला ने दुष्कर्म, शोषण, गर्भपात की दवा देने, ब्लैकमेलिंग और धमकी देने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। सुंदरपहाड़ी थाना क्षेत्र के तेतरिया-2 गांव (Tetariya-2 Village) की रहने वाली मोनिका सोरेन (Monica Soren) ने महिला आयोग की पूर्व सदस्य को लिखित आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है। महिला का आरोप है कि मिशन में काम दिलाने के बहाने उन्हें बुलाया गया और बाद में उनके साथ जबरदस्ती की गई।

नौकरी से निकालने और बच्चों को स्कूल से हटाने की धमकी

पीड़िता के मुताबिक, 7 जून 2026 को वह अपने पति के साथ तिलाबाद मिशन पहुंची थीं। वहां उन्हें हॉस्टल के बच्चों के लिए खाना बनाने का काम दिया गया। महिला को नौ हजार और उनके पति को सात हजार रुपये मासिक वेतन देने की बात तय हुई थी। महिला का आरोप है कि 19 जून को किचन में सब्जी बनाते समय फादर उन्हें अपने बेडरूम में ले गए और दरवाजा बंद कर उनके साथ दुष्कर्म किया। विरोध करने पर बच्चों को स्कूल से निकलवाने और पति-पत्नी दोनों को नौकरी से हटाने की धमकी दी गई। पीड़िता का दावा है कि इसके बाद भी अलग-अलग बहाने से उनके पति को बाहर भेजकर उनके साथ जबरदस्ती की जाती थी।

गर्भपात की दवा देने और इलाज के नाम पर धमकी का आरोप

महिला ने आवेदन में आरोप लगाया है कि 15 जुलाई 2026 को भी उनके साथ जबरदस्ती की गई। बाद में गर्भ ठहरने की जानकारी देने पर कथित तौर पर उन्हें गर्भपात की दवा का किट दिया गया। दवा लेने के बाद अत्यधिक रक्तस्राव होने से उनकी तबीयत बिगड़ गई। पीड़िता के अनुसार, 29 सितंबर 2026 को सरकंडा में उनके गर्भाशय की सफाई कराई गई। हालत गंभीर होने पर गोड्डा के एक निजी अस्पताल में उन्हें एक यूनिट खून भी चढ़ाना पड़ा। महिला का आरोप है कि इलाज में करीब 60 हजार रुपये खर्च होने की बात कहकर फादर ने उनसे पैसे वसूलने की धमकी दी। उन्होंने वीडियो कॉल के जरिए परेशान करने और ब्लैकमेल करने का आरोप भी लगाया है।

महिला आयोग की पूर्व सदस्य से मांगा न्याय

मोनिका सोरेन ने अपने लिखित आवेदन में पूरे मामले की निष्पक्ष जांच, आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई और अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। महिला का कहना है कि नौकरी छिनने और बच्चों के भविष्य पर असर पड़ने के डर से वह लंबे समय तक चुप रहीं। फिलहाल, आवेदन में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि और मामले में पुलिस की कार्रवाई की जानकारी सामने आने के बाद ही पूरे प्रकरण की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Tags - Godda Mission Father Case Father Thomas Soren Allegations Godda Mission News Godda Sexual Assault Allegations