गिरिडीह:
Girdih News: गिरिडीह जिले के धनवार चौक स्थित यूको बैंक में हुई करोड़ों रुपये की डकैती का गिरिडीह पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से एक पिस्टल, एक देसी कट्टा, सात जिंदा कारतूस, घटना में इस्तेमाल स्कॉर्पियो और दो अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की गई हैं। पुलिस की इस कार्रवाई को बैंक डकैती मामले में बड़ी सफलता माना जा रहा है।

पांच नवंबर को दिनदहाड़े बैंक में हुई थी डकैती
जानकारी के अनुसार, बीते 5 नवंबर 2026 को दोपहर करीब 1:30 बजे पांच हथियारबंद अपराधियों ने धनवार चौक स्थित यूको बैंक में धावा बोल दिया था। अपराधियों ने बैंक के लॉकर से करीब पांच करोड़ रुपये मूल्य के सोने के पैकेट और 11.50 लाख रुपये नकद लूट लिए थे। दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद पूरे जिले में हड़कंप मच गया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पांच विशेष जांच टीमों (SIT) का गठन किया गया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर अपराधियों की तलाश शुरू की। इसी दौरान नाकेबंदी कर पुलिस ने अपराधियों का पीछा किया।

बाइक दुर्घटना के बाद जंगल में भागे अपराधी
जांच के क्रम में जमुआ थाना क्षेत्र के बरदबटिया गांव के पास अपराधियों की मोटरसाइकिल सड़क के गड्ढे के कारण अनियंत्रित होकर गिर गई। इसके बाद अपराधी बाइक छोड़कर जंगल की ओर भागने लगे। पुलिस ने तत्काल जंगल की घेराबंदी कर तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान देवघर के नगर थाना क्षेत्र निवासी मोहम्मद रिजवान को गिरफ्तार किया गया। उसकी निशानदेही पर झाड़ी में छिपाकर रखा गया एक लोडेड पिस्टल और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए गए।

बदवारा जंगल से रॉकी गिरफ्तार, आयुष के पास मिले कारतूस
इसके बाद पुलिस ने छापेमारी तेज करते हुए बंगाबाद थाना क्षेत्र के बदवारा जंगल से गिरिडीह निवासी सुल्तान अली उर्फ रॉकी को एक देसी कट्टा के साथ गिरफ्तार किया। वहीं, देवघर निवासी आयुष पांडेय को भी चार जिंदा कारतूस के साथ पकड़ा गया। अपराधियों की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई स्कॉर्पियो भी जब्त कर ली।

गिरफ्तार आरोपियों का रहा है आपराधिक इतिहास
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार मोहम्मद रिजवान और सुल्तान अली उर्फ रॉकी का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों और लूटे गए सोने एवं नकदी के संबंध में जानकारी जुटा रही है।
फरार अपराधियों की तलाश में तीन और एसआईटी गठित
बैंक डकैती में शामिल अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी और लूटे गए सोने तथा नकदी की बरामदगी के लिए पुलिस ने तीन और विशेष जांच टीमों का गठन किया है। अलग-अलग ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही इस गिरोह के अन्य सदस्य भी गिरफ्त में होंगे।