गिरिडीह
गिरिडीह में वन विभाग ने सूझबूझ और अत्याधुनिक तकनीक का इस्तेमाल करते हुए 28 हाथियों के झुंड को सुरक्षित रूप से रिहायशी इलाकों से बाहर निकालकर जंगलों तक पहुंचाया। यह अभियान गिरिडीह वन प्रक्षेत्र अंतर्गत पीरटांड़ के दुधनिया गांव में चलाया गया, जहां सरिया क्षेत्र से हाथियों का बड़ा झुंड पहुंच गया था। वन विभाग ने लगातार दो रात तक विशेष अभियान चलाकर ड्रोन की मदद से हाथियों की हर गतिविधि पर नजर रखी। अभियान में विभाग की ड्राइव टीम, क्यूआरटी वाहन और स्थानीय ग्रामीणों की अहम भूमिका रही। वन विभाग के अधिकारियों ने काफी सतर्कता के साथ हाथियों को बस्तियों से दूर रखते हुए उनके निर्धारित कॉरिडोर की ओर सुरक्षित तरीके से आगे बढ़ाया।

वन्य जीव पर्यावरण संतुलन के लिए बेहद महत्वपूर्ण
जानकारी के मुताबिक, हाथियों का झुंड पीरटांड़ क्षेत्र के दुधनिया, कठवारा, कुम्हारलालो, नावाडीह, प्रतापपुर, पारसबनी, जंगो, बिशुनपुर, खेताडाबर और अंगिया गांवों से होकर गुजरा। इस दौरान वन विभाग की टीम लगातार गांवों में निगरानी करती रही, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना न हो। वन विभाग ने बताया कि हाल के दिनों में हाथियों के झुंड ने लोगों को अपने चपेट में लिया है जिससे घटनाओं में बढ़ोतरी देखी जा रही है। इसे देखते हुए ग्रामीणों से रात के समय सतर्क रहने, अनावश्यक रूप से घरों से बाहर नहीं निकलने और विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है। विभागीय अधिकारियों ने कहा कि हाथी समेत सभी वन्य जीव पर्यावरण संतुलन के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं। इनके संरक्षण और मानव जीवन की सुरक्षा, दोनों को ध्यान में रखते हुए विभाग लगातार निगरानी और आवश्यक कार्रवाई कर रहा है, ताकि किसी प्रकार की जनहानि या संपत्ति के नुकसान से बचा जा सके।
.jpeg)