logo

गिरिडीह में दिनदहाड़े मछली कारोबारी से लाखों की लूट, हथियार के बल पर वारदात को दिया अंजाम

giri_LUT.jpg

गिरिडीह 

गिरिडीह शहर में अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि अब दिनदहाड़े भी लोग सुरक्षित नहीं हैं। ऐसा ही एक मामला गुरुवार को शहर के व्यस्त इलाके मोहनपुर फॉरेस्ट ऑफिस के सामने हथियारबंद बदमाशों ने फिल्मी अंदाज में मछली कारोबारी आफताब रैन को निशाना बनाया और पिस्टल का भय दिखाकर 2 लाख 7 हजार रुपये से भरा बैग लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। जानकारी के अनुसार, बोडो निवासी आफताब रैन रोज की तरह सुबह करीब 9 बजे मछली मंडी से कारोबार खत्म कर अपने घर लौट रहे थे। तभी पहले से घात लगाए बैठे दो बाइक पर सवार पांच अपराधियों ने मोहनपुर फॉरेस्ट ऑफिस के सामने उनका रास्ता रोक लिया।

तेज रफ्तार से फरार 

पीड़ित के मुताबिक, बदमाशों ने पिस्टल तानकर जान से मारने की धमकी दी और रुपयों से भरा बैग छीन लिया। बैग में करीब ₹2.07 लाख नकद रखे थे। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी अपराधी पचंबा की ओर तेज रफ्तार से फरार हो गए। दिनदहाड़े हुई इस दुस्साहसिक लूट की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके। पचंबा थाना प्रभारी राजीव कुमार ने बताया कि पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच के साथ अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि लूटकांड में शामिल अपराधियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Tags - Daylight Robbery Pistol Point Robbery Police Investigation