गिरिडीह:
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद आदित्य साहू रविवार को गिरिडीह पहुंचे। उन्होंने दिवंगत मंत्री एवं गिरिडीह सदर विधायक सुदिव्य कुमार सोनू के आवास पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। आदित्य साहू ने दिवंगत नेता के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। इसके बाद उन्होंने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर अपनी संवेदना व्यक्त की और इस दुख की घड़ी में परिवार के साथ खड़े रहने का भरोसा दिलाया।

ऊर्जावान और सक्रिय जनप्रतिनिधि थे सुदिव्य
मीडिया से बातचीत के दौरान आदित्य साहू ने कहा कि सुदिव्य कुमार सोनू एक ऊर्जावान और सक्रिय मंत्री के रूप में जाने जाते थे। सार्वजनिक जीवन में उनकी सक्रियता और लोगों से जुड़ाव उनकी खास पहचान थी। उन्होंने कहा कि कम उम्र में उनका निधन राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति है।
.jpeg)
झारखंड ने खोया कर्मठ जनप्रतिनिधि
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि सुदिव्य कुमार सोनू के निधन से झारखंड ने एक कर्मठ जनप्रतिनिधि खो दिया है। उनके कार्यों और लोगों के बीच उनकी सक्रियता को लंबे समय तक याद किया जाएगा। उन्होंने शोक संतप्त परिवार को इस कठिन समय में धैर्य रखने की शक्ति मिलने की कामना की।
भाजपा नेता और कार्यकर्ता रहे मौजूद
इस दौरान भाजपा के कई स्थानीय नेता और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। सभी ने दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की।