गढ़वा
गढ़वा जिले में 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं को मतदाता सूची से जोड़ने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। मतदाता सूची गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 को सफल बनाने और युवा एवं भावी मतदाताओं को जागरूक करने को लेकर समाहरणालय सभागार में जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त पशुपति नाथ मिश्रा की अध्यक्षता में बैठक हुई। बैठक में जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी कुमुद कुमार झा सहित विभिन्न शिक्षण संस्थानों के पदाधिकारी मौजूद रहे।
01 अक्टूबर 2026 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं का होगा पंजीकरण
बैठक में बताया गया कि 01 अक्टूबर 2026 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं को मतदाता सूची में शामिल करने के लिए जागरूक एवं प्रोत्साहित किया जाना है। इसके लिए संबंधित युवाओं से प्रपत्र-6 एवं घोषणा-पत्र प्राप्त कर उनका नाम मतदाता सूची में जोड़ने की प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश दिया गया।
117 विद्यालयों और 12 महाविद्यालयों में बने हैं ELC
जिले के 80-गढ़वा और 81-भवनाथपुर विधानसभा क्षेत्र में वर्तमान में 117 विद्यालयों में ELC Future Voters तथा 12 महाविद्यालयों में ELC New Voters गठित हैं। इन क्लबों के माध्यम से युवाओं को मतदाता पंजीकरण की प्रक्रिया की जानकारी देने और आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया।
ECINET के जरिए ऑनलाइन आवेदन कराने का निर्देश
उपायुक्त ने सभी Electoral Literacy Clubs (ELCs) की नियमित बैठक कराने तथा अधिक से अधिक Young Voters एवं Future Voters को जागरूक करने का निर्देश दिया। उन्होंने पात्र युवाओं को ECINET डाउनलोड कराकर ऑनलाइन प्रपत्र-6 भरवाने में सक्रिय भूमिका निभाने को कहा, ताकि कोई भी पात्र युवा मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे। बैठक में मतदाता जागरूकता गतिविधियों को प्रभावी बनाने, युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ने और पुनरीक्षण कार्यक्रम के लक्ष्यों को समय पर पूरा करने को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।