logo

गढ़वा में त्यौहार के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा अभियान, मिलावटी मिठाइयां बरामद और गैरकानूनी प्रतिष्ठान सील

g_FST.jpg

द फॉलोअप डेस्क 

गढ़वा DC के निर्देशानुसार जिले में आगामी त्यौहार को देखते हुए जिला प्रशासन ने खाद्य सुरक्षा को लेकर कड़ा अभियान चलाया। गढ़वा के खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी दीपश्री के नेतृत्व में शहर के मेन रोड, बस स्टैंड और विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान मनीष प्लास्टिक के गोदाम में बिहार के औरंगाबाद से लाया गया 150 किलो मिलावटी रसगुल्ला, बर्फी और अन्य मिठाइयां बरामद हुई। खाद्य सुरक्षा टीम ने इन मिठाइयों के नमूने संग्रहित किए और शेष सामग्री को नष्ट कर दिया। इसी क्रम में मेन रोड स्थित विजय स्वीट्स का निरीक्षण किया गया। यहां भी पाया गया कि पूर्व निर्देशों के बावजूद यह प्रतिष्ठान खाद्य लाइसेंस के बिना व्यवसाय कर रहा था। प्रशासन ने तत्काल प्रभाव से इसे बंद कर दिया।

बस स्टैंड स्थित अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों का भी निरीक्षण किया गया और नमूने संग्रहित किए गए। खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी ने सभी प्रतिष्ठानों को चेतावनी दी कि मिलावटी मिठाइयों की बिक्री बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि किसी भी प्रतिष्ठान में मिलावटी मिठाइयों की बिक्री पाई जाती है, तो उसके खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस निरीक्षण अभियान में खाद्य सुरक्षा कार्यालय के संतोष कुमार, विवेक तिवारी के साथ पुलिस प्रशासन भी शामिल रहा। प्रशासन ने इस अभियान के माध्यम से साफ संदेश दिया कि त्यौहार के दौरान नागरिकों की सेहत और सुरक्षा सर्वोपरि है और किसी भी प्रकार की मिलावटी खाद्य सामग्री बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Tags - garhwa festival food safety food inspection garhwa adulterated sweets seized