द फॉलोअप डेस्क
गढ़वा शहर के मेन रोड स्थित एक इलेक्ट्रॉनिक दुकान के गोदाम में शॉर्ट सर्किट के कारण अचानक आग लग गई। आग लगने के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई, क्योंकि दुकान के ऊपर एक परिवार भी रह रहा था जो आग और धुएं के बीच फंस गया था। हालांकि स्थानीय लोगों की तत्परता और सूझबूझ से समय रहते सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे एक बड़ी घटना टल गई। बताया जा रहा है कि आग लगने के बाद दुकान के ऊपर फंसे परिवार को नीचे उतारने के लिए स्थानीय लोगों ने हाईवा वाहन और सीढ़ी का सहारा लिया। लोगों ने मिलकर परिवार के सभी सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। आग लगने की खबर फैलते ही मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने मिलकर आग बुझाने की कोशिश शुरू कर दी। इसी बीच दमकल विभाग और पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंच गई और आग पर काबू पाने का प्रयास किया।

बताया गया कि जिस गोदाम में आग लगी थी, उसके आसपास चार अन्य दुकानें भी सटी हुई थीं। आग की वजह से उन दुकानों में धुआं भर गया था, जिससे लोगों को आशंका हुई कि सभी दुकानों में आग लग गई है। हालांकि समय रहते दुकानों के शटर खोल दिए गए और अंदर रखे सामान को बाहर निकाल लिया गया, जिससे बड़े नुकसान से बचाव हो गया। घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचे अग्निशमन विभाग के अधिकारियों और थाना प्रभारी ने बताया कि एक दुकान में आग लगने की सूचना मिली थी, जिससे आसपास की दुकानों को भी नुकसान होने की आशंका थी। टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पा लिया है। फिलहाल नुकसान का आकलन किया जा रहा है, जिसके बाद ही स्पष्ट रूप से पता चल सकेगा कि कितना नुकसान हुआ है।
