logo

गढ़वा में Gen Alpha का जबरदस्त प्रदर्शन, सड़क जाम से थाना तक हंगामा; पथराव में जवान घायल

ुाल.jpg

द फॉलोअप डेस्क
गढ़वा जिले के कांडी थाना के समीप स्थित जमा-दो उच्च विद्यालय के शिक्षक मलय सिंह के तबादले को लेकर छात्रों और छात्राओं का विरोध लगातार बढ़ता जा रहा है। पिछले तीन दिनों से चल रहा आंदोलन गुरुवार को उस समय उग्र हो गया, जब छात्र सड़क पर उतरकर जाम करने लगे। शिक्षक के तबादले को रोकने की मांग को लेकर जिला समाहरणालय से लेकर कांडी प्रखंड तक प्रदर्शन किया गया। इसी दौरान स्थिति तनावपूर्ण हो गई और प्रदर्शनकारियों की ओर से थाना पर पथराव किए जाने की बात सामने आई है।

प्रमुख के साथ विवाद के बाद बढ़ा मामला 
बताया जा रहा है कि सड़क जाम कर रहे छात्रों को समझाने कांडी प्रखंड प्रमुख पिंकू पांडेय पहुंचे थे। इसी दौरान छात्रों और प्रमुख के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि प्रमुख ने एक विद्यार्थी को थप्पड़ मार दिया। इसके बाद प्रदर्शनकारी छात्र आक्रोशित हो गए और प्रमुख की गाड़ी में तोड़फोड़ शुरू कर दी। स्थिति बिगड़ने पर प्रमुख अपनी जान बचाने के लिए कांडी थाना पहुंचे। इसके बाद बड़ी संख्या में छात्र भी थाना पहुंच गए और वहां पथराव शुरू कर दिया।

पथराव में पुलिस जवान घायल
थाना पर हुए पथराव में एक पुलिस जवान के सिर में चोट लगी, जिससे वह घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बनी हुई है। प्रदर्शनकारी छात्र अब भी शिक्षक मलय सिंह का तबादला रोकने की मांग पर अड़े हुए हैं। साथ ही घटना में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर सड़क जाम किए हुए हैं। मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस और प्रशासन के वरीय अधिकारियों को जानकारी दी गई है। एसडीपीओ ने बताया कि घटना की सूचना मिली है और अतिरिक्त पुलिस बल को मौके पर भेजा जा रहा है। पुलिस की ओर से छात्रों को समझाने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि स्थिति को नियंत्रित किया जा सके। फिलहाल प्रशासन की प्राथमिकता तनाव कम करना और इलाके में कानून-व्यवस्था बनाए रखना है।

Tags - Garhwa News Kandi News Student Protest Teacher Transfer Police Clash