द फॉलोअप डेस्क
झारखंड बंद का असर गढ़वा में भी देखने को मिल रहा है। सुबह करीब 8 बजे भाजपा नेता और कार्यकर्ता शहर के रंका मोड़ घंटाघर के पास जमा हो गए और चौक को जाम कर दिया। रंका मोड़ से NH-75, NH-343 और NH-39 जैसी प्रमुख सड़कें गुजरती हैं, ऐसे में चौक जाम होने से तीनों मार्गों पर आवागमन प्रभावित रहा। बंद के दौरान पुलिस की पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था देखने को मिली। प्रदर्शन कर रहे भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सरकार विरोधी नारे लगाए। भाजपा जिलाध्यक्ष उदय मेहता ने कहा कि झारखंड सरकार ने प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज कर बड़ी गलती की है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों के निर्देश पर लाठीचार्ज कराया गया, उनके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।
