गढ़वा
गढ़वा जिले में लगातार हो रही बारिश और अगले दो दिनों में भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए जिला प्रशासन ने विद्यार्थियों की सुरक्षा के मद्देनजर बड़ा फैसला लिया है। उपायुक्त (DC) के आदेश के आलोक में जिला शिक्षा पदाधिकारी के कार्यालय से जारी आदेश के अनुसार जिले के सभी कोटि के सरकारी एवं गैर सरकारी प्रारंभिक, माध्यमिक एवं उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों में आगामी 2 और 3 सितंबर को शिक्षण कार्य स्थगित रहेगा। जारी आदेश में बताया गया है कि आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से 2 और 3 सितंबर को भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। इस दौरान गढ़वा जिला रेड जोन में है। वहीं, 31 अगस्त को हुई भारी बारिश के बाद जिले के कई शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो गई है।

शिक्षक एवं शिक्षकेतर कर्मचारी विद्यालय में उपस्थित रहेंगे
कई विद्यालय परिसरों और कमरों में पानी भरने की सूचना है। इसके अलावा जलजमाव और खराब रास्तों के कारण कई स्थानों पर आवागमन भी प्रभावित हुआ है। मौसम की गंभीर स्थिति और संभावित खतरे को देखते हुए प्रशासन ने 2 और 3 सितंबर को विद्यार्थियों के विद्यालय आने पर रोक लगाते हुए शिक्षण कार्य स्थगित करने का निर्णय लिया है। इन दोनों दिनों में छात्र-छात्राओं की कक्षाएं संचालित नहीं होंगी। हालांकि शिक्षण कार्य स्थगित रहने के बावजूद विद्यालय पूरी तरह बंद नहीं रहेंगे। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि सभी शिक्षक एवं शिक्षकेतर कर्मचारी विद्यालय में उपस्थित रहेंगे और गैर-शैक्षणिक कार्यों का निष्पादन करेंगे। प्रभारी प्रधानाध्यापक एवं प्रधानाध्यापक को आदेश का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।
.jpeg)