द फॉलोअप डेस्क
गढ़वा जिले में रेलवे ट्रैक पर रील बनाना 19 वर्षीय युवती को भारी पड़ गया। मंगलवार को गढ़वा थाना क्षेत्र के जोबरइया गांव के पास दोस्तों के साथ रेलवे ट्रैक पर रील बना रही पूर्णिमा कुमारी ट्रेन की चपेट में आ गई। हादसे में उसके दोनों हाथ कट गए, जबकि शरीर के अन्य हिस्सों में भी गंभीर चोटें आई हैं। घायल पूर्णिमा को दोस्तों ने आनन-फानन में गढ़वा सदर अस्पताल पहुंचाया। बताया जा रहा है कि पूर्णिमा कुमारी गढ़वा शहर के अशोक बिहार मोहल्ला निवासी धीरज सिंह की बेटी है। रील बनाने के दौरान उसका ध्यान रेलवे ट्रैक पर आ रही ट्रेन की ओर नहीं गया। इसी बीच रांची-चोपन ट्रेन की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद मौके पर मौजूद दोस्तों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर परिजन भी सदर अस्पताल पहुंचे, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल है। सदर अस्पताल में डॉक्टरों ने घायल युवती का तत्काल प्राथमिक उपचार किया। अत्यधिक रक्तस्राव और गंभीर चोटों को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। गढ़वा सिविल सर्जन जॉन एफ कैनेडी ने बताया कि युवती का प्राथमिक उपचार करने के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए बाहर रेफर किया गया है। उन्होंने बताया कि हादसे में युवती के दोनों हाथ कट गए हैं और शरीर के अन्य हिस्सों में भी चोटें आई हैं।
