द फॉलोअप डेस्क
गढ़वा शहर थाना क्षेत्र के सोनपुरवा टांडी में सोमवार देर रात जुए के विवाद के दौरान हुई गोलीबारी से इलाके में सनसनी फैल गई। इस घटना में मुन्ना सोनी नामक युवक के पेट में गोली लग गई। गंभीर हालत में उसे पहले सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर कर दिया गया। बताया जा रहा है कि गोली अभी भी उसके पेट में फंसी हुई है। स्थानीय लोगों के अनुसार सोनपुरवा टांडी में कुछ लोग जुआ खेल रहे थे। इसी दौरान कुछ युवक वहां पहुंचे, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि गोलीबारी शुरू हो गई और मुन्ना सोनी गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया।

गोली चलने के बाद मौके से फरार हुए लोग
फायरिंग की घटना के बाद वहां मौजूद सभी जुआरी मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों ने घायल मुन्ना सोनी को तुरंत सदर अस्पताल पहुंचाया। सूचना मिलने पर शहर थाना पुलिस भी अस्पताल पहुंची और घायल की स्थिति का जायजा लेने के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर कराया।

आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने सोनपुरवा टांडी पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। मामले की जांच शुरू कर दी गई है और गोली चलाने वाले आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस पूरे मामले में जुए के एंगल सहित अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।