logo

गढ़वा का बस अड्डा अब बना श्रीकृष्ण अंतर्राज्यीय बस स्टैंड

Screenshot_2026-09-04_161722.jpg

गढ़वा:
गढ़वा में श्री कृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर गढ़वा नगर परिषद ने जिलेवासियों को खास तोहफा दिया है। शहर के अंतरराज्यीय बस स्टैंड का नाम बदलकर अब ‘श्री कृष्ण अंतरराज्यीय बस स्टैंड’ कर दिया गया है। शुक्रवार को नगर परिषद अध्यक्ष आशीष सोनी, उपाध्यक्ष और सभी वार्ड पार्षदों की मौजूदगी में बस स्टैंड के नए नाम का विधिवत नामकरण किया गया।

बोर्ड की बैठक में पारित हुआ था नाम बदलने का प्रस्ताव
नगर परिषद अध्यक्ष आशीष सोनी ने बताया कि जन्माष्टमी के दिन विधिवत रूप से बस स्टैंड के नए नाम का उद्घाटन किया गया। इससे पहले शहर का यह प्रमुख यात्री केंद्र अंतरराज्यीय बस स्टैंड के नाम से जाना जाता था। नगर परिषद बोर्ड की बैठक में बस स्टैंड का नाम बदलकर ‘श्री कृष्ण अंतरराज्यीय बस स्टैंड’ रखने का प्रस्ताव रखा गया था, जिसे बोर्ड ने सर्वसम्मति से पारित किया था। इसके बाद जन्माष्टमी के अवसर पर नए नाम के साथ बस स्टैंड की पहचान स्थापित की गई।

जन्माष्टमी के दिन नामकरण का विशेष महत्व
नगर परिषद अध्यक्ष ने कहा कि भगवान श्री कृष्ण के जन्मोत्सव के अवसर पर बस स्टैंड का नामकरण किया जाना नगर परिषद के लिए विशेष महत्व रखता है। उन्होंने कहा कि शहर के महत्वपूर्ण सार्वजनिक स्थलों को बेहतर पहचान और विशिष्ट नाम देने की दिशा में नगर परिषद लगातार कार्य कर रही है। नए नाम से बस स्टैंड को शहर की एक अलग और विशिष्ट पहचान मिलेगी।

कई राज्यों के लिए बसों का होता है परिचालन
श्री कृष्ण अंतरराज्यीय बस स्टैंड गढ़वा शहर का एक महत्वपूर्ण यात्री केंद्र है। यहां से झारखंड के अलावा पड़ोसी राज्यों उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल समेत दिल्ली, हैदराबाद और अन्य प्रमुख शहरों के लिए बसों का परिचालन होता है। ऐसे में बस स्टैंड का नया नाम स्थानीय लोगों के साथ-साथ बाहर से आने-जाने वाले यात्रियों के बीच भी गढ़वा की नई पहचान के रूप में सामने आएगा।
 

Tags - Garhwa News Shri Krishna Bus Stand Garhwa Nagar Parishad Janmashtami Jharkhand News