गढ़वा
गढ़वा जिले के कांडी थाना क्षेत्र के लमारी कला गांव के चतरी टोला में मकई के खेत से 21 वर्षीय युवक का शव बरामद होने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान चतरी टोला निवासी भंगी रजवार के 21 वर्षीय पुत्र अंकज कुमार के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी मोहम्मद अशफाक आलम मौके पर पहुंचे और घटनास्थल पर कैंप किया।
गुरुवार रात से लापता था युवक
परिजनों के अनुसार, अंकज गुरुवार रात करीब 8:30 बजे से घर से लापता था। काफी खोजबीन के बाद भी जब उसका पता नहीं चला तो शुक्रवार दोपहर बाद कांडी थाना में गुमशुदगी का आवेदन दिया गया। पुलिस ने मोबाइल लोकेशन के आधार पर खोजबीन की। लोकेशन घर के आसपास ही बता रहा था, लेकिन मोबाइल स्विच ऑफ था।
घर से 100 मीटर दूर मकई के खेत में मिला शव
इसके बाद पुलिस की मौजूदगी में ग्रामीणों ने आसपास तलाश शुरू की। इस दौरान घर से करीब 100 मीटर दूर मकई के खेत में अंकज का शव मिला। शव मिलने की सूचना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।.jpeg)
शरीर पर चोट के निशान, खोजी कुत्ते की मांग
मृतक के शरीर पर कई जगह चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे मामला संदिग्ध माना जा रहा है। ग्रामीण घटना की जांच के लिए खोजी कुत्ता बुलाने की मांग पर अड़े रहे। थाना प्रभारी ने बताया कि खोजी कुत्ता मंगाया गया है, लेकिन शाम सात बजे तक वह घटनास्थल पर नहीं पहुंच सका था।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
फिलहाल युवक की मौत कैसे हुई, इसका स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। ग्रामीणों में प्रेम प्रसंग को लेकर भी तरह-तरह की चर्चाएं हैं, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस का कहना है कि परिजनों के आवेदन, खोजी कुत्ते की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।