द फॉलोअप डेस्क
गढ़वा जिला में समाहरणालय स्थित सभागार में उपायुक्त दिनेश कुमार यादव की अध्यक्षता में शिक्षा विभाग के कार्यों की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला स्तरीय स्टीयरिंग सह मॉनिटरिंग कमिटी की भी समीक्षा की गई और कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक के दौरान उपायुक्त ने जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक और सभी बीईईओ से विभागीय योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली। जिन योजनाओं में लक्ष्य के अनुरूप कार्य नहीं हो रहा था, उन पर कड़ी नाराजगी जताई गई। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि कार्य में सुधार लाया जाए, अन्यथा संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही बीईईओ को नियमित रूप से विद्यालयों का निरीक्षण करने का निर्देश दिया गया। उपायुक्त ने यह भी कहा कि सभी शिक्षा कर्मियों की उपस्थिति की नियमित निगरानी की जाए और मासिक वेतन उपस्थिति के आधार पर ही निर्धारित किया जाए।

बैठक में जिले की शैक्षणिक प्रगति, कंपोजिट जिला रैंकिंग, छात्र-शिक्षक उपस्थिति, आधार और बायोमेट्रिक अपडेट, आधारभूत संरचना, निपुण भारत मिशन, पीएम-श्री विद्यालय, पलाश कार्यक्रम, पीएम पोषण योजना, आईसीटी एवं स्मार्ट क्लास, स्वास्थ्य जांच, आयरन-फोलिक एसिड वितरण, सीपीडी प्रशिक्षण, प्रोजेक्ट रेल, यू-डायस रिपोर्टिंग और लंबित न्यायालयीन मामलों सहित कई बिंदुओं की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने कहा कि शिक्षा विभाग की सभी योजनाओं का पारदर्शी और समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने छात्र-शिक्षक उपस्थिति सुधारने और शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया। बैठक में पीएम पोषण (मिड-डे मील) योजना के तहत जिला स्तरीय स्टीयरिंग-सह-मॉनिटरिंग कमिटी की भी समीक्षा की गई। इसमें एसएमएस के माध्यम से भोजन की सूचना, खाद्यान्न वितरण, ऑनलाइन डेटा एंट्री, किचन-स्टोर मरम्मत और प्रखंड स्तरीय बैठकों की स्थिति पर चर्चा की गई।
.jpg)
उपायुक्त ने निर्देश दिया कि मध्याह्न भोजन में पोषक आहार का वितरण तय मेनू के अनुसार सुनिश्चित किया जाए। लापरवाही बरतने वाले संबंधित कर्मियों से स्पष्टीकरण लेते हुए कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए। उपायुक्त दिनेश कुमार यादव ने सभी अधिकारियों से आपसी समन्वय और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने की अपील की। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का लक्ष्य हर बच्चे तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाना है और इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में उप विकास आयुक्त पशुपतिनाथ मिश्रा, जिला शिक्षा पदाधिकारी कैसर रजा, जिला शिक्षा अधीक्षक अनुराग मिंज सहित सभी बीईईओ, बीपीओ/बीपीएम और शिक्षा विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। यह बैठक जिले की शिक्षा व्यवस्था को मजबूत, पारदर्शी और परिणामोन्मुखी बनाने की दिशा में एक अहम पहल मानी जा रही है।