logo

गढ़वा की संखा से खजूरी सड़क का भी उद्घाटन करेंगे गडकरी

WhatsApp_Image_2025-07-01_at_18_19_29.jpeg

द फॉलोअप डेस्क
केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने झारखंड सरकार को विभागीय मंत्री नितिन गडकरी के तीन जुलाई को झारखंड दौरे का कार्यक्रम भेज दिया है। गडकरी तीन जुलाई को विशेष विमान से दिन के 10.45  बजे रांची आएंगे। एयरपोर्ट से गडकरी हेलीकॉप्टर से गढ़वा जाएंगे। वहां वह एनएचएआई द्वारा निर्मित संखा से खजुरी सड़क का उद्घाटन करेंगे। गढ़वा में गडकरी का कार्यक्रम लगभग 11.30 बजे से होगा। इस सड़क के निर्माण पर लगभग 1100 करोड़ रुपए खर्च हुए हैं। 22 किलोमीटर लंबी सड़क के बन जाने से झारखंड से छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश एवं मध्य प्रदेश जाने में बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी। 


गढ़वा से हेलीकॉप्टर से लौट कर नितिन गडकरी रांची आएंगे। फिर साढ़े तीन बजे से ओटीसी ग्राउंड पिस्का मोड़ में आयोजित कार्यक्रम में भाग लेंगे। यहां वह पिस्का मोड़ से राजभवन तक नव निर्मित फ्लाई ओवर का उद्घाटन करेंगे। मालूम हो कि इस फ्लाई ओवर के बन जाने से रातू रोड पर लगनेवाली जाम से लोगों को मुक्ति मिलेगी। गढ़वा की संखा से खजुरी तक नव निर्मित सड़क और रातू रोड फ्लाई ओवर के उद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को भी शामिल होने का निमंत्रण दिया गया है। हालांकि दिल्ली के गंगाराम अस्पताल में भर्ती पिता शिबू सोरेन के इलाज में व्यस्त रहने की वजह से मुख्यमंत्री के इन दोनों समारोहों में शामिल होने को लेकर अभी संशय की स्थिति है।

Tags - Nitin Gadkari July 3 Ranchi Garhwa flyover inauguration Hemant Soren