logo

झाड़-फूंक के चक्कर में गई चार साल के मासूम की जान

झाड़-फूंक के चक्कर में गई चार साल के मासूम की जान

द फॉलोअप डेस्क, रांचीः
चतरा में अंधविश्वास और समय पर इलाज नहीं मिलने के कारण चार साल के एक मासूम की जान चली गई। मृतक की पहचान नीरज के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, नीरज को अचानक दस्त की शिकायत हुई थी। शुरुआत में परिजनों ने इसे सामान्य बीमारी समझा, लेकिन धीरे-धीरे उसकी तबीयत बिगड़ने लगी। लगातार दस्त होने से उसका शरीर कमजोर पड़ता गया और हालत गंभीर होती चली गई। इसके बावजूद परिजन उसे अस्पताल ले जाने के बजाय गांव में ही झाड़-फूंक कराने में लगे रहे। उन्हें उम्मीद थी कि ओझा के उपचार से बच्चा ठीक हो जाएगा। इसी दौरान काफी समय बीत गया और बच्चे की स्थिति लगातार नाजुक होती चली गई।


चतरा सदर अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
जब परिजनों को बच्चे की गंभीर हालत का अहसास हुआ, तब आनन-फानन में उसे चतरा सदर अस्पताल ले जाया गया। मृतक के पिता का नाम निर्मल भोक्ता बताया गया है। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने बच्चे की जांच की, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने नीरज को मृत घोषित कर दिया। चार साल के मासूम की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। मां-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। जिस घर में कभी बच्चे की किलकारियां गूंजती थीं, वहां अब परिजनों की चीख-पुकार सुनाई दे रही है। इस घटना ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है।


उपाधीक्षक की अपील- झाड़-फूंक के बजाय तुरंत कराएं इलाज
घटना पर चतरा सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. मनीष लाल ने गहरी संवेदना जताई है। उन्होंने कहा कि डायरिया जैसी बीमारी को हल्के में नहीं लेना चाहिए। झाड़-फूंक के भरोसे मरीज को छोड़ना जानलेवा साबित हो सकता है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि दस्त या डायरिया की शिकायत होने पर मरीज को बिना देर किए अस्पताल पहुंचाएं। सदर अस्पताल में इलाज की समुचित व्यवस्था उपलब्ध है। चिकित्सकों के अनुसार, डायरिया के दौरान शरीर से पानी और इलेक्ट्रोलाइट्स तेजी से निकलते हैं। इससे मरीज की हालत गंभीर हो सकती है। बच्चों के मामले में यह खतरा और भी अधिक रहता है। इसलिए समय पर चिकित्सकीय उपचार बेहद जरूरी है।

Tags - Chatra Jharkhand Child Death Diarrhea Health Awareness