logo

धनबाद में किन्नर समुदाय के आपसी रंजिश ने लिया हिंसक रूप, 4 लोग घायल

huj857.jpg

द फॉलोअप डेस्क
धनबाद जिले के जोड़ापोखर थाना क्षेत्र अंतर्गत पंजाबीधौड़ा में किन्नर समुदाय के बीच आपसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। बताया जा रहा है कि श्वेता किन्नर समेत तीन अन्य लोगों पर उनके ही समुदाय के एक किन्नर ने लाठी-डंडे और पत्थरों से जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में चार किन्नर गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें कुछ के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। घटना के बाद आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को आनन-फानन में शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एसएनएमएमसीएच) में भर्ती कराया गया, जहां सभी का इलाज चल रहा है।
घायल श्वेता किन्नर ने बताया कि वह समाज सेवा के कार्यों में सक्रिय रूप से जुड़ी हुई हैं और कई सामाजिक कार्यक्रमों में ब्रांड एंबेसडर की भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि समुदाय के कुछ लोग ईर्ष्या और आपसी रंजिश के कारण उन पर और उनके साथियों पर हमला किया। श्वेता का कहना है कि उन्हें ‘छम-छम माता’ द्वारा कई सामाजिक कार्यों की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जिससे कुछ लोग उनसे जलन रखते हैं और इसी कारण जानलेवा हमला किया गया।
उन्होंने यह भी बताया कि इससे पहले भी उन्हें एक-दो बार जान से मारने की धमकी मिल चुकी थी, जिसकी सूचना थाना को दी गई थी। श्वेता ने प्रशासन से सुरक्षा की मांग की है। वहीं, जोड़ापोखर थाना प्रभारी उदय कुमार गुप्ता ने बताया कि किन्नर समुदाय के बीच आपसी विवाद के कारण मारपीट की घटना हुई है, जिसमें चार लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया है और मामले की जांच की जा रही है।

Tags - Dhanbad Transgender community clash Punjabi Dhaura Violent altercation Serious injuries SNMMCH Dhanbad Internal rivalry Jealousy dispute Social worker attacked Police investigation Law and order situation