द फॉलोअप, सरायकेला-खरसावां:
Jharkhand News: सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर में विवाहिता पिंकी कुमारी की मौत के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसके पति समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में पति मनीष शर्मा, ससुर श्याम शर्मा, सास पूनम शर्मा और सतीश शर्मा शामिल हैं। सभी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। मामले में दहेज प्रताड़ना (Dowry Harassment) और हत्या के आरोप लगाए गए हैं।

सभी आरोपी आदित्यपुर थाना क्षेत्र के निवासी
पुलिस के अनुसार, इस मामले में ललित महतो, पिता स्वर्गीय महेश्वर महतो, निवासी रोड नंबर तीन, आदित्यपुर-1, ब्लॉक नंबर 22/2/2 के लिखित आवेदन के आधार पर 27 अक्टूबर को आदित्यपुर थाना कांड संख्या 306/26 दर्ज किया गया। जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। अनुसंधान के दौरान पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया। सभी आरोपी आदित्यपुर थाना क्षेत्र के बसंती मंदिर, सतवानी स्थित जॉइनेस्ट अपार्टमेंट, रोड नंबर तीन के निवासी बताए गए हैं।

प्रेम संबंध के बाद मंदिर में की थी शादी
पुलिस के मुताबिक, पिंकी कुमारी और मनीष शर्मा के बीच प्रेम संबंध (Love Relationship) था। दोनों ने 6 जून 2026 को रजरप्पा मंदिर में हिंदू रीति-रिवाज से विवाह किया था। शादी के बाद दोनों आदित्यपुर स्थित जॉइनेस्ट अपार्टमेंट में साथ रह रहे थे। विवाह के कुछ महीने बाद पिंकी की मौत का मामला सामने आया, जिसके बाद पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की। फिलहाल पुलिस मामले के विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है। दहेज प्रताड़ना और हत्या के आरोपों की पुष्टि जांच और न्यायिक प्रक्रिया के दौरान होने वाले तथ्यों के आधार पर होगी।