पोखराहा/पलामू:
पलामू के मेदिनीनगर स्थित पोखराहा एनएचएआई क्षेत्र में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं के बाद अब लोगों का गुस्सा खुलकर सामने आने लगा है। बीते एक सप्ताह में 4 लोगों की सड़क हादसे में मौत हो चुकी है। इन घटनाओं ने स्थानीय लोगों को झकझोर कर रख दिया है। लगातार हो रही मौतों के विरोध में बड़ी संख्या में ग्रामीण और स्थानीय लोग सड़क पर उतर आए तथा एनएचएआई और संबंधित एजेंसियों के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया।

निर्माणाधीन सड़क पर हो रही टोल की वसूली
प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना है कि जिस सड़क पर करोड़ों रुपये खर्च किए गए हैं, वहां आज भी सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि सड़क निर्माण और फ्लाईओवर का कार्य पूरी तरह से पूरा नहीं हुआ है, इसके बावजूद आम लोगों से टोल टैक्स की वसूली की जा रही है। लोगों का कहना है कि जब तक सड़क पूरी तरह सुरक्षित नहीं हो जाती और सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध नहीं करा दी जातीं, तब तक टोल वसूली करना आम जनता के साथ अन्याय है।

निर्माणाधीन सड़क पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी
विरोध प्रदर्शन में शामिल लोगों ने कहा कि फ्लाईओवर और सड़क निर्माण क्षेत्र में पर्याप्त संकेतक बोर्ड, रिफ्लेक्टर, स्ट्रीट लाइट और सुरक्षा बैरियर नहीं लगाए गए हैं। रात के समय स्थिति और भी खतरनाक हो जाती है, जिसके कारण वाहन चालकों को सड़क की वास्तविक स्थिति का अंदाजा नहीं लग पाता और हादसे हो जाते हैं। लोगों का आरोप है कि कई बार संबंधित अधिकारियों को इस समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।

पूर्व मेयर प्रत्याशी ने दी आंदोलन की चेतावनी
इस प्रदर्शन में जेकेएलएम पार्टी से मेयर प्रत्याशी रह चुकीं आयशा सिंह भी शामिल हुईं। उन्होंने प्रदर्शनकारियों के साथ सड़क पर उतरकर एनएचएआई और प्रशासन के खिलाफ आवाज उठाई। आयशा सिंह ने कहा कि लगातार हो रही दुर्घटनाएं और मौतें बेहद दुखद हैं और यह केवल एक हादसा नहीं बल्कि व्यवस्था की लापरवाही का परिणाम है। उन्होंने कहा कि अगर समय रहते सुरक्षा व्यवस्था को दुरुस्त किया गया होता तो कई लोगों की जान बचाई जा सकती थी।
उन्होंने मांग की है कि दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में तत्काल सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए जाएं। साथ ही सड़क निर्माण कार्य को जल्द से जल्द पूरा कर आम लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
आश्वासन से लोगों को नहीं मिलेगा भरोसा
वहीं प्रदर्शनकारियों ने भी साफ कहा कि अब केवल आश्वासन से काम नहीं चलेगा। लगातार हो रही मौतों के कारण लोगों में भारी आक्रोश है और वे जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। प्रदर्शन के दौरान लोगों ने सड़क सुरक्षा, बेहतर प्रकाश व्यवस्था, चेतावनी संकेतक और अधूरे निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा करने की मांग उठाई।