logo

जामताड़ा की बंद कोयला खदान में चाल धंसी, चार लोग मलबे में दबे; हालत गंभीर

chaal2.jpg

द फॉलोअप डेस्क
झारखंड के जामताड़ा जिला से एक बड़ी दुर्घटना की खबर सामने आई है। जिले के नाला थाना क्षेत्र अंतर्गत पालस्थली स्थित बंद पड़ी कोयला खदान में चाल (ऊपरी हिस्सा) धंसने से चार स्थानीय लोगों के मलबे में दबने की सूचना है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूत्रों के अनुसार, हादसा अहले सुबह करीब 3:00 से 4:00 बजे के बीच हुआ। बताया जा रहा है कि चार लोग अवैध रूप से कोयला निकालने के उद्देश्य से बंद पड़ी खदान में घुसे थे। इसी दौरान खदान का ऊपरी हिस्सा अचानक भरभराकर गिर गया और सभी मलबे के नीचे दब गए।


घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद चारों को मलबे से बाहर निकाला गया। उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए पश्चिम बंगाल के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अभी तक किसी की मौत की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन घायलों की हालत चिंताजनक बताई जा रही है।


इस घटना को लेकर स्थानीय पुलिस और संबंधित विभाग के अधिकारी फिलहाल कुछ भी कहने से बच रहे हैं। अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है, जिससे घायलों की पहचान और घटना की पूरी स्थिति को लेकर संशय बना हुआ है।