जामताड़ा
जामताड़ा में पुलिस ने चार साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अपराधी लोगों को बैंक औऱ बिजली विभाग का अधिकारी बताकर चूना लगाते थे। सभी की गिरफ्तारी पुलिस को मिली गुप्त सूचना के आधार पर की गयी है। गिरफ्तार अपराधियों में नाजिर अंसारी, (21 वर्ष), पिता मुस्तफा मियां, तजम्मुल अंसारी, (उम्र 20 वर्ष), पिता नईमुद्दीन उर्फ नयूम के नाम शामिल हैं। दोनों ग्राम रंगाडीह, भागाबांध के रहने वाले हैं। वहीं शेष दो अपराधी कन्हैया मंडल, (20 वर्ष), पिता बासुदेव मंडल, बीरबल मंडल, (20 वर्ष), पिता लोलीन मंडल हैं। ये दोनों ग्राम झिलुवा, नारायणपुर के रहने वाले हैं।

गुप्त सूचना के आधार पर मिली कामयाबी
अपराधियों की गिरफ्तारी के बारे में पुलिस निरीक्षक विश्वनाथ सिंह ने बताया कि गुप्ता सूचना के आधार पर पुलिस को ये कामयाबी मिली है। सूचना मिलने के बाद तत्काल एक छापेमारी दल का गठन किया गया। छापामारी दल ने कार्रवाई करते हुए झिलुवा के नदी किनारे तेजला सुधिया में दबिश दी। यहां से चारों अपराधियों को क्राइम की योजना बनाते हुए गिरफ्तार किया गया। वहीं, दो अपराधी मौके पर फरार हो गये। उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। सिंह ने बताया कि गिरफ्तार अपराधियों के खिलाफ जामताड़ा साईबर अपराध थाना में कांड संख्या 60/23, धारा 414/419/420/467/468/471 /120 (B) और आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। बताया कि गिरफ्तार अपराधियों को जेल भेजने की तैयारी की जा रही है।

इस तरह करते थे ठगी
पुलिस ने बताया कि ये साइबर अपराधी लोगों को बैंक और बिजली विभाग का अधिकारी बनकर ठगते थे। लोगों को बैंक से लोन दिलाने के नाम पर और बिजली काटने के नाम पर जाल में फंसाते थे। मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने इनके पास से पांच सिम, पांच मोबाइल फोन और अन्य कागजात बरामद किये हैं। पुलिस ने बताया कि ये लोग ओटीपी मंगवाने के लिए कई तरह के फाइल शेयरिंग ऐप का इस्तेमाल करते थे। ताकि इसका रिकार्ड पुलिस को न मिल सके। फिलहाल पुलिस गिरफ्तार चारों अपराधियों से पूछताछ कर रही है। पुलिस इनके बड़े नेटवर्क का पता चलने की उम्मीद है।
