logo

खनन घोटाला केस में पूछताछ के लिए ED ऑफिस पहुंचे पप्पू यादव, सवालों के साथ तैयार अधिकारी

pappu_yadav.jpg

द फॉलोअप डेस्क

पूर्व विधायक राजकिशोर यादव (Rajkishore Yadav ) उर्फ पप्पू यादव ईडी दफ्तर पहुंच गए हैं। ED ने उन्हें खनन घोटाला मामले (Mining Scam Cases) में पूछताछ के लिए बुलाया है। उन्हें 6 जनवरी को समन कर ईडी ने 9 जनवरी को रांची स्थित जोनल ऑफिस में हाजिर होने का निर्देश दिया था। पप्पू यादव बिहार के कटोरिया क्षेत्र के पूर्व विधायक हैं। गौरतलब है कि प्रोसीड ऑफ क्राइम से अर्जित धन और ठेके के आवंटन के गड़बड़ी के पहलुओं पर भी ईडी जांच कर रही है। पूर्व एमएलए पप्पू यादव भी डीसी रामनिवास यादव से व्यावसायिक संबंधों की वजह से एजेंसी के रडार पर आए। ईडी ने 3 जनवरी को देवघर में पप्पू यादव के ठिकानें पर छापेमारी के बाद ही समन किया था।  

3 जनवरी को हुई थी बड़ी रेड
गौरतलब है कि साहिबगंज में 1250 करोड़ के अवैध खनन और ईडी के गवाह विजय हांसदा को प्रभावित करने से जुड़े मामले में ईडी जांच कर रही है। ईडी ने 3 जनवरी (बुधवार) की सुबह 7 बजे एक साथ मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के प्रेस सलाहकार अभिषेक प्रसाद उर्फ पिंटू, साहिबगंज के डीसी रामनिवास यादव, डीएसपी राजेंद्र दुबे, साहिबगंज के खनन कारोबारी खुदानिया बंधु, मुख्यमंत्री के दोस्त विनोद कुमार सिंह, रौशन सिंह, कोलकाता के कारोबारी अभय सरावगी, पूर्व विधायक पप्पू यादव, रांची के बिरसा मुंडा जेल के जमादार अवधेश कुमार के ठिकानों पर रेड किया था। छापेमारी के दौरान शेल कंपनियों के जरिए निवेश, संदिग्ध फाइनेंशियल ट्रांजेक्शन के साक्ष्य एजेंसी को मिले हैं। बरामदगी के आधार पर ही ईडी अब आगे की कार्रवाई कर रही है।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/FUOBMq3TVcGIFiAqwM4C9N\